Indore News: ट्रैफिक रोकने वाले अतिक्रमण ध्वस्त, टारगेट पर हैं ये दुकान और मकान
मध्यप्रदेश के इंदौर में यातायात सुधार के लिए कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सड़कों, फुटपाथ आदि पर सामग्री रख अथवा अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी के तहत शहर के अन्नपूर्णा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में राजस्व, पुलिस और नगर निगम के अमले द्वारा संयुक्त रूप से की गई। उक्त कार्रवाई जोन 15 के अंतर्गत नरेंद्र तिवारी मार्ग चारु मेडिकल से लेकर श्रीजी ज्यूस सेंटर तक की गई।

कार्रवाई के अंतर्गत दुकानों, मकानों, सड़क पर खड़े वाहनों पर चालान कर कुल 12 हजार 500 रुपये वसूल किये गए। साथ ही टीनशेड और अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई में एक ट्रक समान जब्त किया गया। ट्रैफिक विभाग द्वारा सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई। कार्यवाही में एसडीएम सीमा मौर्य, नगर निगम से झोनल अधिकारी सुनील सिंह जादौन, भवन निरीक्षक अनुभूती मडावी, अतिक्रमण रिमूवल दस्ते से अधिकारी तिवारी, बेंडवाल एवं यातायात थाना से टीआई विजय तिवारी उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश के इंदौर में कलेक्टर आशीष सिंह एवं आयुक्त नगर निगम शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर शहर में यातायात सुधार हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस बल एवं नगर निगम की टीम द्वारा आज झोन क्रमांक 13 के अंतर्गत खंडवा नाका चौराहे से भावना नगर क्षेत्र तक यातायात सुधार हेतू रिमूवल की कार्रवाई की गई।
लगभग 15 स्थानों पर फुटपाथ से अतिक्रमण व टीन शेड हटाये गये। कार्रवाई के दौरान एसडीएम प्रियंका चौरसिया, जोनल अधिकारी अंकेश बीरथरिया एवं नगर निगम का स्टाफ मौजूद था। इस दौरान यातायात बल के द्वारा यातायात को सुचारू रूप से व्यवस्थित भी किया गया तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई भी की गई। चालानी कार्रवाई में 4 हजार रूपये की वसूली की गई।
मध्यप्रदेश के इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देशन में इंदौर में यातायात सुधार संबंधी मुहिम लगातार चलाई जा रही है। इस मुहिम को और अधिक गति देकर प्रभावी बनाया जाएगा। अभियान को गति देने के संबंध में चर्चा के लिए एआईसीटीएसएल कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आशीष सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया तथा अभिलाष मिश्रा सहित अपर कलेक्टर ज्योति शर्मा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने दिए दिशा-निर्देश
बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि शहर में जिला प्रशासन, नगर निगम एवं यातायात पुलिस द्वारा यातायात सुधार के लिए संयुक्त मुहिम चलाई जा रही है। यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। इसे गति देकर और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि, यातायात महत्वपूर्ण विषय है और यह हमारी प्राथमिकता है। यातायात पुलिस, नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों को यह कार्य जिम्मेदारी के साथ करना है ताकि यातायात सुगम रहे और आम नागरिकों को परेशान भी नहीं होना पड़े। यह मुहिम हर जोन में जारी रहेगी और इस अभियान में नगर निगम, पुलिस प्रशासन और होमगार्ड के जवान भी साथ में रहेंगे, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
ये भी पढ़े- Indore News: ट्रैफिक सुधारने के लिए बाजारों में चला बुलडोजर, अब कहां होगा एक्शन, जानिए












Click it and Unblock the Notifications