Khan Sir की मुसलमानों पर टिप्पणी से हंगामा, कौन हैं वली रहमान जिनका पॉडकास्ट चर्चा में है?
Wali Rehman Khan Sir Podcast Controversy: देश के सबसे पॉपुलर शिक्षकों में शुमार खान सर इन दिनों एक पॉडकास्ट को लेकर विवादों में आ गए हैं। दरअसल, खान सर ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले 25 वर्षीय युवा शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता वली रहमानी के साथ एक पॉडकास्ट किया।
जिसमें देश में मुसलमानों के योगदान (कंट्रीब्यूशन) को लेकर बातचीत हुई। इसी बातचीत के दौरान खान सर के कुछ बयानों पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

क्या कहा खान सर ने?
पॉडकास्ट में खान सर ने मुसलमानों से सब्र रखने और शिक्षा (एजुकेशन) पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि केवल रोना-धोना करने से कुछ हासिल नहीं होगा, बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर से सीख लेते हुए समाज और देश के विकास में सकारात्मक योगदान देना जरूरी है। खान सर के इस बयान को कुछ लोग प्रेरणादायक मान रहे हैं, जबकि कुछ वर्गों में इसे लेकर नाराजगी भी सामने आई है।
ये भी पढ़ें: Khan Sir on Pakistani Singers: क्या खान सर की शादी में पाकिस्तान से आए थे सिंगर? वीडियो में खुद दी पूरी सफाई
कौन हैं वली रहमानी?
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के रहने वाले वली रहमानी एक युवा शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने गरीब तबके के बच्चों के लिए एक भव्य इंग्लिश मीडियम स्कूल बनाने का सपना देखा है। इसी उद्देश्य से उन्होंने क्राउड फंडिंग के जरिए महज 6 दिनों में 6 करोड़ रुपये जुटाकर सबको चौंका दिया है। रहमानी का लक्ष्य कुल 10 करोड़ रुपये जुटाने का है, जिसमें से बड़ी राशि उनके खाते में आ चुकी है।
'उम्मीद एकेडमी' का सपना
वली रहमानी पिछले तीन सालों से गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए 'उम्मीद एकेडमी' नाम से एक विशाल इंग्लिश मीडियम स्कूल बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। फिलहाल यह स्कूल एक किराए के मकान में संचालित हो रहा है, जहां करीब 300 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं, 1500 से ज्यादा बच्चे एडमिशन के इंतजार में हैं, लेकिन जगह की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। स्कूल का निर्माण कार्य जारी है।
मतभेद के बावजूद पॉडकास्ट
खास बात यह है कि वली रहमानी ने पहले खान सर को लेकर कुछ आलोचनात्मक बातें कही थीं। इसके बावजूद खान सर ने न केवल उनसे दोस्ती का हाथ बढ़ाया, बल्कि पॉडकास्ट पर खुलकर बातचीत भी की। यही वजह है कि यह पॉडकास्ट अब सिर्फ शिक्षा या सामाजिक मुद्दों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक बड़े सामाजिक और वैचारिक विमर्श का हिस्सा बन गया है।
ये भी पढे़ं: जब दुबई में हुआ पाकिस्तानी से सामना, बीच रास्ते में गाड़ी से उतर कर क्यों भागी Khan Sir की टीम?
सोशल मीडिया पर दो राय
खान सर के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक वर्ग इसे शिक्षा और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा मान रहा है, जबकि दूसरा वर्ग इसे संवेदनशील मुद्दे पर गलत तरीके से पेश किया गया बयान बता रहा है। फिलहाल यह मामला चर्चा में बना हुआ है और आने वाले दिनों में इस पर और प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications