कौन हैं 19 साल की उम्र में CA टॉपर बनने वाली नंदिनी अग्रवाल? गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
CA Topper Nandini Agrawal: भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की परीक्षा को सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है। यह रास्ता इतना चुनौतीपूर्ण होता है कि लाखों छात्र इसे पास करने में सालों लगा देते हैं और कई बार असफल होकर बीच में ही हार मान लेते हैं।
लेकिन मध्य प्रदेश के मुरैना की रहने वाली नंदिनी अग्रवाल ने न सिर्फ यह चुनौती स्वीकार की, बल्कि सिर्फ 19 साल की उम्र में CA फाइनल की परीक्षा पास कर ऑल इंडिया टॉप किया। यही नहीं, वह दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट बन गईं - एक ऐसा रिकॉर्ड जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने भी मान्यता दी।

नंदिनी की यह उपलब्धि सिर्फ परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने इस क्षेत्र में जो परचम लहराया, वह आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है। सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है और वे अपने अनुभवों से छात्रों को मोटिवेट भी कर रही हैं। एक छोटे शहर की साधारण लड़की कैसे मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से असाधारण बन सकती है - नंदिनी की कहानी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
ये भी पढ़ें: NIRF Top 50 Colleges: JEE Main रिजल्ट से पहले चेक करें टॉप 50 इंजीनियरिंग कॉलेज की लिस्ट, तय करें अगला कदम
कौन हैं CA फाइनल में टॉप करने वाली नंदिनी
नंदिनी का जन्म 18 अक्टूबर 2001 को हुआ था। उन्होंने जुलाई 2021 में CA (New Course) फाइनल परीक्षा दी और 19 साल, 8 महीने, 18 दिन की उम्र में ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) हासिल की। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अनुसार यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने 16 साल की उम्र में CA इंटर की परीक्षा में AIR 31 भी हासिल की थी।
कॉर्पोरेट दुनिया में भी शानदार सफर
नंदिनी ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत PwC में आर्टिकल ट्रेनी के रूप में की। इसके बाद उन्होंने Boston Consulting Group (BCG) में एसोसिएट मैनेजमेंट कंसल्टेंट के रूप में काम किया। यहां उन्होंने G20 टीम के साथ भी काम किया। वर्तमान में नंदिनी एक प्राइवेट इक्विटी एनालिस्ट के रूप में कार्यरत हैं।
सोशल मीडिया पर भी हैं पॉपुलर
नंदिनी सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 74 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वहीं यूट्यूब पर उनके 2 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। वह वहां CA परीक्षा, करियर टिप्स और पढ़ाई से जुड़ी वीडियो शेयर करती हैं, जो छात्रों के लिए काफी मददगार साबित होती हैं।
LinkedIn प्रोफाइल में भरे हैं अनुभव
नंदिनी के लिंक्डइन प्रोफाइल पर उनके अनुभव और स्किल्स की लंबी सूची है। वह अब तक स्टैच्यूटरी ऑडिट, ग्रुप रिपोर्टिंग, आईएफआरएस, टैक्स ऑडिट, और फॉरेंसिक ऑडिट जैसे क्षेत्रों में काम कर चुकी हैं।
युवाओं के लिए हैं प्रेरणा स्रोत
नंदिनी की कहानी उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है जो CA जैसी कठिन परीक्षाओं से डरते हैं। उन्होंने यह साबित किया है कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत में कोई कमी न हो, तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती।
'खुद पर भरोसा रखें'
नंदिनी अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, निरंतरता और परिवार के सहयोग को देती हैं। उनका मानना है कि "अगर आप खुद पर भरोसा रखते हैं और पूरी लगन से तैयारी करते हैं, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।" उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को न सिर्फ मार्ग दिखाती है, बल्कि यह भी सिखाती है कि उम्र कभी सफलता की सीमा नहीं हो सकती।
ये भी पढ़ें: 'उम्र में बड़े हैं तो मिल जाएगा दाखिला?', CUET UG के जरिए पाना है DU में एडमिशन, पहले जान लीजिए टाई ब्रेकर नियम












Click it and Unblock the Notifications