Dipali Das: पिता की 29 जनवरी को गोली मारकर की गई थी हत्या, अब बेटी बनी उसी सीट से विधायक
ओड़िशा के झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पूर्व मंत्री और विधायक स्वर्गीय नब किशोर दास की हत्या के बाद खाली हुई थी। इस सीट से बीजू जनता दल ने उनकी बेटी दीपाली दास को टिकट दिया था और वह चुनाव जीत गईं।

Jharsuguda Bypoll Dipali Das: ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में बीजू जनता दल दीपाली दास की बड़ी जीत हुई है। झारसुगुड़ा से बीजद विधायक दीपाली दास ने सोमवार (15 मई) को शपथ ली और कहा, 'मैंने आज शपथ ली है और मैंने मुख्यमंत्री (नवीन पटनायक) से वादा किया है कि मैं झारसुगुड़ा के लोगों का हमेशा ध्यान रखूंगी।''
झारसुगुड़ा विधानसभा सीट से दीपाली दास ने अपने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रतिद्वंद्वी तन्खाधर त्रिपाठी को 48,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। दीपाली दास कुल 1,07,198 वोट मिले थे। भाजपा के तन्खाधर त्रिपाठी को 68 के करीब वोट मिले थे।

दीपाली दास चुनाव जीतने के बाद इसलिए चर्चाओं में है क्योंकि दीपाली दास ओडिशा के दिवंगत स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की बेटी हैं। नब किशोर दास की इस साल की शुरुआत में 29 जनवरी को उनके सुरक्षा गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
नब किशोर दास झारसुगुड़ा विधानसभा सीट से विधायक थे और उनकी मौत के बाद ही ये सीट खाली हुई थी। इसलिए बीजू जनता दल ने दीपाली दास को टिकट दिया था।

झारसुगुड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव 10 मई 2023 को आयोजित किया गया था, जिसमें 2.21 लाख पात्र मतदाताओं में से 79.21 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मैदान में नौ उम्मीदवारों में से मुकाबला मुख्य रूप से तीन प्रत्याशियों के बीच था - सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की दीपाली दास, कांग्रेस के तरुण पांडे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तन्खाधर त्रिपाठी। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद, दीपाली दास अपने विरोधियों पर महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करते हुए स्पष्ट विजेता के रूप में उभरीं।

चुनाव जीतने के बाद दीपाली दास ने कहा था, ''मैं झारसुगुड़ा के लोगों और हमारे नेता नवीन पटनायक को मुझ पर विश्वास दिखाने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं, यह विशाल इच्छा झारसुगुड़ा के लोगों, पार्टी के काम और नेता और समर्थकों की है जिन्होंने इसे संभव बनाने के लिए मेरा समर्थन किया, मैं इसके लिए प्रतिबद्ध हूं लोगों से किए गए वादे और मेरे दिवंगत पिता नब दास के सपनों को पूरा करूंगी।''
मुख्यमंत्री और बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक ने दीपाली दास से बात की और उन्हें जीत की बधाई दी है। दीपाली ने कहा, "हालांकि मैंने अपने पिता को खो दिया, लेकिन मुझे नवीन पटनायक जी से पिता जैसा आशीर्वाद और समर्थन मिला है।''












Click it and Unblock the Notifications