MP News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के पर्यटन स्थलों से गूंजा योग का संदेश, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
मध्य प्रदेश प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़े योग सत्रों के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 मना रहा है, जिसमें स्वस्थ बुढ़ापे और सांस्कृतिक विरासत पर केंद्रित योग अभ्यास शामिल हैं। एमपी पर्यटन बोर्ड और स्थानीय प्रशासनों के नेताओं द्वारा स्वास्थ्य, अनुशासन और एकता के लिए दैनिक योग पर जोर दिया जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर योग का वैश्विक संदेश गूंजा। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन द्वारा विभिन्न पर्यटन स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय समारोह से वर्चुअल संबोधन का प्रसारण भी किया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने योग को विश्व शांति, बेहतर स्वास्थ्य और मानवीय एकता का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि योग शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी साधन है।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक एवं पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी., अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेडेकर, संत हिरदाराम मेडिकल कॉलेज के डॉ. अंकेश भदौरिया सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन मूल्यों से जुड़ी समृद्ध विरासत है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को अनुशासन, आत्मविश्वास और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेडेकर ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी से नियमित योगाभ्यास का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" रखी गई थी। इसी थीम के तहत आयोजित सामूहिक योग सत्र में सेवा समिति वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। संत हिरदाराम आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान की प्रशिक्षित टीम ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। सत्र में प्रार्थना, सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम, ध्यान और समापन प्रार्थना शामिल रहे।
प्रदेश के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे खजुराहो, सांची, उदयगिरी, ग्वालियर किला, इंदौर की 56 दुकान और तामिया में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
भोपाल में पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों ने बोट क्लब पर भी योगाभ्यास किया। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। इसके बाद 21 जून 2015 को दुनिया भर में पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आज योग विश्वभर में भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का महत्वपूर्ण प्रतीक बन चुका है।












Click it and Unblock the Notifications