Weather Forecast: मौसम का दोहरा मिजाज! उत्तर में लू का कहर, बेंगलुरु में बारिश बनी मुसीबत, चेक करें IMD अपडेट
Weather Update: गर्मी के मौसम में जहां एक ओर देश के कई हिस्सों में तेज धूप और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं कुछ राज्यों में बादल राहत लेकर आ सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 21 मई 2025 के लिए जो ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है, उसमें देश भर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे।
उत्तर भारत के कई हिस्सों में जहां पारा 45 डिग्री तक जा सकता है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में आसमान में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। यह बदला-बदला मौसम न केवल आम जनजीवन पर असर डालेगा, बल्कि किसानों के लिए भी काफी मायने रखता है।

उत्तर भारत में लू का प्रकोप जारी
राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: UP Weather Update: अरब सागर-बंगाल की खाड़ी से आई नमी से बढ़ी उमस, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम
दक्षिण भारत में बारिश की संभावना
केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में मौसम थोड़ा राहत भरा रहेगा। IMD ने बताया कि अरब सागर में हवा का दबाव बनने से इन राज्यों में बारिश हो रही है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बरसेंगे बादल
असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बेंगलुरु में प्री-मानसून बारिश
बेंगलुरु में 21 मई 2025 को मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। शहर में लगातार प्री-मानसून की बारिश हो रही है, जिससे आम लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 25 मई, रविवार तक के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। अब तक हुई भारी बारिश के चलते 5 लोगों की जान जा चुकी है और 500 से ज्यादा घरों में पानी भर गया है।
पूर्वी भारत में मिलाजुला रहेगा मौसम
बिहार, झारखंड और ओडिशा में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। कहीं धूप तो कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि, पश्चिम बंगाल में तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रह सकता है।
फसल और सेहत पर असर
मौसम में आ रहे बदलाव का असर किसानों और आम लोगों दोनों पर पड़ सकता है। जहां लू सेहत के लिए खतरा बन सकती है, वहीं बारिश से खरीफ की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिल सकती है।
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने गर्मी से बचने के लिए खूब पानी पीने, ढीले कपड़े पहनने और धूप में सीधे बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही जिन इलाकों में बारिश की संभावना है, वहां लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें: Delhi Power Cut: दिल्ली के इन क्षेत्रों में निर्धारित बिजली कटौती, जानिए कब और कहां होगा असर, देखें पूरी लिस्ट












Click it and Unblock the Notifications