Vande Bharat Express:11 नवंबर से चेन्नई-मैसूर के बीच दौड़ेगी 5वीं वंदे भारत ट्रेन, किराया-समय और पूरी डिटेल
Chennai to Mysore Vande Bharat Express: देश की पांचवीं और दक्षिण भारत की पहली सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 11 नवंबर को हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाएगी। इस ट्रेन के चलने से चेन्नई-बैंगलुरु और मैसूर तक की यात्रा बहुत ही सुगम और आसान हो जाएगी। हाल ही में प्रधानमंत्री ने दो और वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई है। उससे पहले सिर्फ दो ही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलती थीं, जो सिर्फ 52 सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। चेन्नई-मैसूर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की रूट, टाइमिंग, किराया और बाकी पूरी डिटेल यहां जानिए।

5वीं वंदे भारत ट्रेन को पीएम हरी झंडी दिखाएंगे
11 नवंबर से दक्षिण भारत की पहली सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो रही है। यह ट्रेन कर्नाटक के मैसूर से तमिलनाडु के चेन्नई के बीच चलेगी। न्यूज18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक 11 नवंबर को कर्नाटक दौरे के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पांचवीं वेदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। मैसूर के सांसद प्रताप सिम्हा ने कहा है कि, 'वंदे भारत एक्सप्रेस जिसे प्रधानमंत्री चेन्नई और मैसूर के बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, हल्की और तकनीकी रूप से बेहतर है, क्योंकि यह कम समय में तेज स्पीड तक पहुंचने में सक्षम है।'

बुधवार को छोड़कर हर दिन चलेगी
वंदे भारत ट्रेन एडवांस तकनीक पर आधारित है, जिसमें सारे कोच एयर कंडीशन होते हैं और सीटें काफी आरामदायक होती हैं। इसमें इकोनॉमी और एग्जिक्यूटिव क्लास की दो श्रेणियां होंगी। एग्जिक्यूटिव क्लास की सीटें 180 डिग्री तक घूम सकेंगी और इकोनॉमी क्लास की सीटों को इस तरह से बनाया गया है कि उसे कारों की तरह आगे खिसका कर आरामदाक अवस्था में लायी जा सकती है। यह वंदे भारत ट्रेन चेन्नई-बैंगलुरु और मैसूर के बीच बुधवार को छोड़कर बाकी सभी दिन चलेंगी। इसमें 16 कोच होंगे, जिसमें 1,128 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी।

चेन्नई से मैसूर 6.40 घंटे में पहुंचेगी
जहां तक चेन्नई-मैसूर रूट पर वंदे भारत ट्रेन के किराए का सवाल है तो इसी रिपोर्ट के मुताबिक इकोनॉमी या एसी चेयरकार का बेसिक किराया 921 रुपए और एग्जिक्यूटिव क्लास का किराया 1,880 रुपए होगा। लेकिन, जो यात्री सिर्फ बेंगलुरु और मैसूर के बीच यात्रा करेंगे उनसे इकोनॉमी क्लास के लिए 368 रुपए और एग्जिक्यूटिव क्लास के लिए 768 रुपए लिए जाएंगे। यह ट्रेन मैसूर से चेन्नई तक कि 504 किलोमीटर की दूरी 6 घंटे 40 मिनट में पूरी करेगी।

160 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड
यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेगी और परीक्षण के दौरान यह 180 किलोमीटर की स्पीड तक से चलाई जा चुकी है। आमतौर पर ट्रेनों का वजन 1,400 से 1,500 टन होता है। लेकिन, वंदे भारत एक्सप्रेस सिर्फ 850 टन वजनी है। यही वजह है कि अधिकतर बुलेट ट्रेन को भी 100 किलोमीटर की रफ्तार पकड़ने में शून्य से 58 सेकेंड लगते हैं, लेकिन 11 नवंबर को लॉन्च होने वाली वंदे भारत ट्रेन इसके लिए सिर्फ 52 सेकेंड लेती है।

97 करोड़ रुपए की लागत से बनी ट्रेन
वंदे भारत ट्रेन के 16 कोच बनाने पर 97 करोड़ रुपए की लागत आई है। इसमें स्वदेश में निर्मित एंटी-कॉलिजन डिवाइस कवच भी लगाई गई है। प्रताप सिम्हा ने यह भी पुष्टि की है कि चेन्नई (MAS) से मैसूर (MYS)जाते वक्त ट्रेन का नंबर 20607 होगा। जबकि, वापसी में यह ट्रेन नंबर- 20608 से संचालित होगी। चेन्नई से यह ट्रेन सुबह के 5.50 पर चलेगी। 8.30 बजे यह जोलारपेट्टाई जंक्शन (JTJ) से गुजरेगी और 10.25 बजे सुबह बैंगलुरु पहुंचेगी। बैंगलुरु में यह 5 मिनट रुकेगी और फिर यह दिन के 12.30 बजे मैसूर पहुंच जाएगी।

चार वंदे भारत ट्रेनों की हरी झंडी दिखा चुके हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अबतक चार वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखा चुके हैं। सबसे हाल में उन्होंने नई दिल्ली से हिमाचल प्रदेश के अंब अंदौरा स्टेशनों के बीच इसे रवाना किया है। उससे पहले वे नई दिल्ली से वाराणासी, नई दिल्ली से श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा और गांधीनगर से मुंबई के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखा चुके हैं। बेंगलुरु यात्रा के दौरान पीएम मोदी केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के दूसरे टर्मिनल का भी उद्घाटन करेंगे, जिसे 5,000 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इसके बनने से सालाना 2.5 करोड़ अतिरिक्त हवाई यात्रियों की आवाजाही सुनिश्चित की जा सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications