Tirupati Laddu:तिरुपति मंदिर 320 रुपये में खरीद रहा था देसी घी, जानिए अब नंदिनी ब्रांड को कितने में मिला टेंडर
Tirupati Laddu row: आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में परोसे जाने वाले लड्डू में कथित तौर पर जानवरों की चर्बी पाए जाने के विवाद के बीच अब देसी घी खरीदे जाने वाले टेंडर डॉक्यूमेंट्स को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ये पूरा मामला अगस्त 2023 और जुलाई 2024 के बीच तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) द्वारा खरीदे गए घी से जुड़ा है, जब वहां वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सत्ता में थी।
जांच में ये सामने आया है कि तिरुपति मंदिर ने एआर डेयरी को सिर्फ 320 रुपये किलो के भाव से देसी घी सप्लाई का टेंडर दिया गया था। एआर डेयरी फूड प्राइवेट लिमिटेड के पहले ये टेंडर नंदिनी घी के पास था, जो कैंसिल कर दिया गया था। बाद में जब जुलाई 2024 में घी मे मिलावट पाई गई तो फिर से नंदिनी घी को 470 रुपये किलो के भाव से नया टेंडर दिया गया है।

ये भी पढ़ें- Tirupati Laddu: तिरुपति बालाजी मंदिर में मिलने वाले लड्डू की क्या है कीमत? क्यों तीन साइज में बनाए जाते हैं
तिरुपति लड्डू विवाद: टेंडर में हुआ था नियमों का उल्लंघन
इंडिया टूडे के मुताबिक टेंडर की शर्तों का उल्लंघन किया गया था और घी को जांच के लिए भेजा भी नहीं गया था। टेंडर डॉक्यूमेंट के क्लॉज 80 के मुताबिक आपूर्तिकर्ता को घी की प्रत्येक खेप के लिए NABL से मान्यता प्राप्त और FSSAI से स्वीकृत प्रयोगशाला से TTD को क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य है। क्लॉज 81 के मुताबिक TTD को घी के सैंपल लैब टेस्टिंग के लिए भेजने होंगे।
इतने कड़े प्रावधानों के बावजूद, यह सवाल उठता है कि अगस्त 2023 और जुलाई 2024 के बीच टीटीडी को कथित तौर पर आपूर्ति किए गए सैंपल में घी में मिलावट कैसे नहीं पकड़ी गई? इससे पता चलता है कि यह या तो चूक का मामला हो सकता है या फिर घी आपूर्तिकर्ता को जानबूझकर छूट दी गई हो सकती है?
ये भी पढ़ें- Tirupati Laddu History: कौन हैं तिरुपति लड्डू 'किंग'? 1715 में चढ़ा था पहला प्रसाद, फिर 6 बार बदला स्वरूप
एआर डेयरी को किया गया ब्लैक लिस्ट
टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी जे श्यामला राव ने कहा कि तिरुपति मंदिर बोर्ड ने एआर डेयरी फूड प्राइवेट लिमिटेड को ब्लैक लिस्ट में डाल दिया है और कथित तौर पर मिलावटी घी की आपूर्ति करने के लिए उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की है।
टीटीडी को घी की आपूर्ति करने वाली कई कंपनियों में से एक एआर डेयरी ने मिलावट के आरोपों से इनकार किया है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस सप्ताह की शुरुआत में आरोप लगाया कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान तिरुपति मंदिर में प्रसाद के रूप में परोसे जाने वाले लड्डू में घटिया सामग्री और जानवर चर्बी पाई गई थी।
गुजरात की एक लैब रिपोर्ट का हवाला देते हुए चंद्रबाबू नायडू ने दावा किया कि घी में "बीफ टैलो", "लार्ड" (सूअर की चर्बी से संबंधित) और मछली का तेल मौजूद है।
हालांकि, जगन मोहन रेड्डी ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि उनकी सरकार के दौरान कोई उल्लंघन नहीं हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री ने नायडू पर "भगवान के नाम पर राजनीति" करने का भी आरोप लगाया।
Tirupati Ghee Contract Timeline: तिरुपति घी टेंडर टाइमलाइन
जुलाई 2023: कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (केएमएफ) ने नंदिनी घी की कीमत बढ़ा दी।
जुलाई 2023: केएमएफ ने नंदिनी घी की आपूर्ति में रोक की पुष्टि की, क्योंकि टीटीडी ने सस्ती दर पर घी उपलब्ध कराने के लिए तमिलनाडु की एक नई कंपनी को शामिल किया। एआर डेयरी फूड उन फर्मों में शामिल है, जिन्हें 320 रुपये प्रति किलोग्राम पर घी की आपूर्ति का टेंडर मिला है।
जून 2024: चंद्रबाबू नायडू सरकार ने जेएस राव को टीटीडी का कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया।
जुलाई 2024: घी के सैंपल पर एनडीडीबी कैल्फ रिपोर्ट में गोमांस फैट और मछली के तेल सहित मिलावट पाई गई। मिलावट की रिपोर्ट के बाद एआर डेयरी फूड के साथ कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया गया।
अगस्त 2024: नंदिनी को 470 रुपये प्रति किलोग्राम पर घी का कॉन्ट्रैक्ट मिला।












Click it and Unblock the Notifications