लॉकडाउन के बीच महाराष्ट्र में मॉब लिंचिंग, तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या
महाराष्ट्र में लॉकडाउन के ब बीच मॉब लिंचिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है...
नई दिल्ली। देश में चल रहे कोरोना वायरस के संकट के बीच महाराष्ट्र के पालघर जिले में मॉब लिंचिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पालघर के एक गांव में कुछ ग्रामीणों ने तीन लोगों की लुटेरे होने के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान जब पुलिस ने भीड़ के चंगुल से उन तीनों को बचाने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों पर भी पथराव किया। घटना गुरुवार देर रात दाभडी खानवेल रोड किनारे बसे एक गांव की है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन लागू है।
Recommended Video

200 से ज्यादा की भीड़ ने किया हमला
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सुशील गिरी महाराज, नीलेश तलगड़े और जयेश तलगड़े के रूप में हुई है। ये लोग नासिक जा रहे थे। मृतकों में से एक ड्राइवर था, जबकि दो लोग मुंबई के रहने वाले थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 200 से ज्यादा की संख्या में जमा हुए ग्रामीणों ने चोर-लुटरे समझकर पीड़ितों की गाड़ी को गांव के पास रोक लिया। भीड़ ने पहले इनकी गाड़ी पर पत्थर मारे और जब गाड़ी रुक गई तो तीनों को बाहर निकालकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा।

हमले में 4 पुलिसकर्मियों समेत सीनियर ऑफिसर घायल
इस दौरान ड्राइवर ने फोन कर पुलिस को सूचना दी कि उनकी गाड़ी पर कुछ लोग हमला कर रहे हैं और उन्हें रोकने की कोशिश भी कर रहे हैं। सूचना पाकर पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच में से तीनों को बचाने की कोशिश की। हालांकि भीड़ नहीं रुकी और पुलिस की गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। घटना में कासा पुलिस थाने के चार जवान और एक सीनियर ऑफिसर को गंभीर चोटें आई हैं।

तीन दिन पहले ही सामने आई थी ऐसी घटना
हालांकि इस इलाके में इस तरह की ये पहली घटना नहीं है। तीन दिन पहले ही असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर आनंद काले के साथ तीन अन्य पुलिस अधिकारियों और एक डॉक्टर के ऊपर चोर होने के शक में ही हमला किया गया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और साथ ही सोशल मीडिया के मैसेज की भी निगरानी की जा रही है कि कहीं इससे जुड़ा कोई मैसेज तो वायरल नहीं किया गया। घटना को लेकर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications