मिजोरम ने लगाया कांग्रेस की चोट में मलहम, मिला पूर्ण बहुमत
मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को चल रही मतगणना के सभी परिणाम आने से पहले ही कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। अभी तक अब तक घोषित 23 सीटों के परिणाम में से 21 सीटों पर कांग्रेस को विजय मिली है जबकि दो सीटें मिजो नेशनल फ्रंट ने जीती है।
मुख्यमंत्री लालथनहावला सेरछिप और हरांगतुजरे दोनों सीटों पर विजयी रहे हैं। जिसके बाद फौरी तौर पर ही सही कांग्रेस के चोटों पर थोड़ा मलहम तो लगा ही।
आपको बता दें कि 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान कराए गए थे। मतगणना में 142 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। इनमें छह महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
40 में से 39 सीटें जनजातीय उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं, जबकि सिर्फ एक सामान्य वर्ग की सीट है। 2008 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 32 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।
पहले मिजोरम के चुनावी परिणाम अन्य राज्यों की ही तरह 8 दिसंबर को ही आने थे लेकिन बाद में चुनाव आयोग ने मिजोरम की मतगणना को 9 दिसंबर को कर दिया था। मिजोरमवासियों ने बड़े ही जोश से मतदान में हिस्सा लिया था। यहां अच्छी खासी संख्या में लोगों ने वोट दिया था।













Click it and Unblock the Notifications