Telangana Tunnel Rescue: तेलंगाना सुरंग में फंसे मजदूरों को लेकर आई बड़ी खबर, रेस्क्यू में मिली बड़ी सफलता
Telangana Tunnel Rescue News: तेलंगाना सुरंग हादसे में फंसे मजदूरों को लेकर बड़ी खबर है। टनल में चल रहे बचाव कार्यों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। 4 मजदूरों की लोकेशन का पता लगा लिया गया है। रविवार को एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

तेलंगाना सुरंग हादसे में जारी राहत बचाव कार्यों में तेजी लाई गई हैं। श्रीसैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) सुरंग से गाद हटाया जा रहा है, इसके लिए कर्मियों और उपकरणों की मदद ली जा रही है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि क्षतिग्रस्त कन्वेयर बेल्ट के सोमवार तक मरम्मत होने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान में शनिवार को भी बड़ी सफलता हाथ लगी। टनल में फंसे 8 मजदूरों में से 4 मजदूरों की लोकेशन की पहचान कर ली गई है। नेशनल जियोफिजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (एनजीआरआई) के वैज्ञानिकों ने सुरंग के अंदर अनियमितताओं का पता लगाने के लिए ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) का उपयोग किया, जिससे ऑपरेशन में एक महत्वपूर्ण सुराग मिला।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी रविवार शाम को बचाव अभियान के संबंध में अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक के लिए सुरंग स्थल पर जाने वाले हैं। राज्य आबकारी मंत्री जुप्पली कृष्ण राव ने बताया कि अन्य चार व्यक्ति सुरंग बोरिंग मशीन के नीचे फंसे हुए हैं। जहां तक पहुंचने में समय लग सकता है।
एक रिपोर्टर के सवाल का जवाब देते हुए कि जिनके स्थानों का पता लगाया गया है उनकी स्थिति के बारे में, मंत्री राव ने यह भी बताया कि जल्द ही मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाएगा। लेकिन, उनके बचने की उम्मीद काफी कम है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि बचाव प्रयासों में 18 संगठन, 54 अधिकारी और 703 लोग शामिल हैं।
आठ मजदूरों में इंजीनियर और मजदूर शामिल
22 फरवरी से टनल के अंदर फंसे आठ मजदूरों में इंजीनियर और मजदूर शामिल हैं। जिसमें उत्तर प्रदेश के मनोज कुमार और श्री निवास, जम्मू और कश्मीर के सन्नी सिंह, पंजाब के गुरप्रीत सिंह और झारखंड के संदीप साहू, जेगता एक्स, संतोष साहू और अनुज साहू है। उनके सुरक्षित वापस लाने के लिए बचाव अभियान पूरी तरह से जारी है।












Click it and Unblock the Notifications