Telangana Election: कौन बनेगा अगला मुख्यमंत्री? ओवैसी ने तेलंगाना पर की बड़ी भविष्यवाणी
हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को एक 'असफल राजनीतिज्ञ' बताया है। भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन कांग्रेस के टिकट पर हैदराबाद की जुबली हिल्स जैसी पॉश विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इसके साथ ही ओवैसी ने तेलंगाना के अगले सीएम की भी भविष्यवाणी की है।
उन्होंने दावा किया है कि जुबली हिल्स में मतदाता उनकी पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन देंगे। इसके अलावा ओवैसी ने यह भी कहा कि 30 नवंबर के चुनाव के बाद तेलंगाना में त्रिशंकु विधानसभा नहीं बनेगी।

अजहरुद्दीन एक असफल राजनीतिज्ञ हैं-ओवैसी
ओवैसी ने कहा, 'मैं आपको बता रहा हूं कि कांग्रेस उम्मीदवार (अजहरुद्दीन) एक असफल राजनीतिज्ञ हैं। मुरादाबाद यूपी की एक प्रतिष्ठित सीट है। उन्हें वहां पर वोट मिला, लेकिन क्षेत्र के लिए उन्होंने कुछ भी नहीं किया। वह लौटकर भी नहीं गए और नहीं देखा।'
उन्होंने आगे कहा कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजस्थान में भी असफल चुनाव लड़े और वहां भी अपने चुनाव क्षेत्र को देखने की चिंता नहीं की। हैदराबाद के सांसद बोले, 'वह एक गंभीर राजनीतिज्ञ नहीं हैं....वह एक अच्छे क्रिकेटर हैं। आते ही उन्होंने तीन शतक मारे थे।'
उन्होंने अजहरुद्दीन के कार्यकाल के दौरान हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में उनपर दर्ज आपराधिक मामलों को लेकर भी उनपर चुटकी ली।
केसीआर लगातार तीसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री-ओवैसी
जब ओवैसी से यह सवाल किया गया कि इस बार तेलंगाना विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या रहने वाला है तो वे बोले, 'मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि इस चुनाव के बाद केसीआर लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। तेलंगाना की जनता बहुत ही समझदार है।'
बीआरएस-बीजेपी पर कांग्रेस के आरोपों को नकारा
उन्होंने राज्य में बीआरएस और बीजेपी के बीच अंदरुनी तालमेल के कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि अगर ऐसा होता तो सीएम केसीआर पिछले 10 वर्षों में अल्पसंख्यकों के विकास के लिए 12,000 करोड़ रुपए क्यों खर्च करते।
रेवंत रेड्डी के आरएसएस लिंक का किया दावा
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी पर आरोप लगाया कि उनके कथित तौर पर आरएसएस के साथ लिंक हैं और 'गांधी भवन (कांग्रेस दफ्तर) को दूर से ही मोहन भागवत संचालित कर रहे हैं।' उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास ही सांप्रदायिक दंगों का रहा है, जिसमें हिंदू और मुसलमान दोनों मारे गए हैं।
भाई अकबरुद्दीन के बर्ताव का किया बचाव
वहीं अपने भाई अकबरुद्दीन ओवैसी के एक अधिकारी को धमकाने वाले वायरल वीडियो के बारे में उनकी दलील थी कि चुनाव आयोग ने रात 10 बजे तक रैली करने की इजाजत दी है, लेकिन वह अधिकारी उससे पहले ही उसे रुकवाने की कोशिश कर रहा था।
जहां तक सत्ता में आने पर राज्य में धर्म के आधार पर आरक्षण खत्म करने के बीजेपी के वादे का सवाल है, तो असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि 4% का कोटा धर्म के आधार पर नहीं दिया जा रहा है और भगवा पार्टी झूठा प्रोपेगेंडा खड़ा कर रही है।
तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होना है। राज्य में विधानसभा की 119 सीटें हैं। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को अन्य चार राज्यों के साथ ही होगी और उसी दिन सारे नतीजे भी आ जाएंगे।
(इनपुट- पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications