Telangana Election: महंगी हुई हर उड़ान, फिर भी बढ़ी हेलिकॉप्टरों की डिमांड, जानें क्या चल रहा है रेट
तेलंगाना विधानसभा चुनाव में इस बार चुनाव प्रचार के लिए हेलिकॉप्टरों की डिमांड बहुत ही ज्यादा है। पहले के चुनावों में इतना कभी नहीं देखा गया था। मांग बढ़ने की वजह से एविएशन कंपनियां पार्टियों से इसकी सेवा के लिए मुंह मांगा किराया वसूल रही हैं।
स्थिति ऐसी आ गई है कि 2018 में जिस हेलिपैड पर रोजाना तीन से चार ही हेलिकॉप्टर उतरते थे, वहां इस बार 10 या उससे भी ज्यादा की संख्या में आ और जा रहे हैं।

प्रचार के लिए बढ़ी हेलिकॉप्टरों की डिमांड
सभी बड़े राजनीतिक दलों की ओर से अपने स्टार प्रचारकों के लिए हेलिकॉप्टर धड़ल्ले से किराए पर लिए जा रहे हैं। हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल इसलिए किया जा रहा है, ताकि नेताओं को जल्द से जल्द चुनावी सभाओं या रोड शो वाले वेन्यू तक बिना किसी ट्रैफिक बाधा के पहुंचाया जा सके।
डेढ़ गुना या उससे भी अधिक बढ़ा हेलिकॉप्टर किराया
डिमांड बहुत ज्यादा बढ़ने का परिणाम यह हुआ कि इनके किराए डबल या उससे भी ज्यादा हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस समय हेलिकॉप्टर का किराया 2.5 लाख रुपए से लेकर 3 लाख रुपए प्रति घंटे चल रहा है।
बीजेपी और कांग्रेस की ओर से ज्यादा हेलिकॉप्टरों की मांग
पहले एक घंटे की हेलिकॉप्टर सेवा के लिए 1.5 से 2 लाख रुपए ही लिए जा रहे थे। तेलंगाना सरकार के एविएशन डायरेक्टर वीएन भारत रेड्डी के मुताबिक, 'बीआरएस जैसी पार्टी औसतन दो हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल कर रही है, जबकि कांग्रेस और बीजेपी चार हेलिकॉप्टरों की सेवाएं ले रहे हैं।'
ज्यादा दो इंजन वाले हेलिकॉप्टर दे रहे हैं सेवा
अभी तेलंगाना में चुनाव अभियान के काम पर जितने हेलिकॉप्टर की सेवाएं ली जा रही हैं, उनमें कुछ ही सिंगल इंजन वाले हैं और ज्यादातर दो इंजन वाले हैं, जिनमें पांच से लेकर सात यात्रियों को लेकर उड़ान भरने की क्षमता है।
दुनिया की बड़ी कंपनियों के हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल
तेलंगाना में चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों को लाने-ले जाने के लिए दुनिया की नामी कंपनियों के मॉडल उपयोग में लाए जा रहे हैं। इनमें अगस्ता वेस्टलैंड (एडब्ल्यू)109,(एडब्ल्यू) 139 और (एडब्ल्यू) 169, बेल 429 ग्लोबलरेंजर, यूरोकॉप्टर (ईसी) 135 शामिल हैं।
कौन से नेता ज्यादा कर रहे हैं इन हेलकॉप्टरों का इस्तेमाल
अब उन कुछ चुनिंदा स्टार प्रचारकों को जान लेते हैं, जो इन हेलिकॉप्टरों के नियमित यात्री बने हुए हैं। इनमें सत्ताधारी बीआरएस के सीएम के चंद्रशेखर राव, उनकी मंत्री बेटे केटी रामा राव और भतीजे हरीश राव शामिल हैं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी, एम भट्टी विक्रमकारा और कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया भी ज्यादातर हेलिकॉप्टर से ही प्रचार के लिए निकलते हैं। वहीं बीजेपी की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी,और एटाला राजेंद्र को भी ये सेवाएं मिल रही हैं।
ये सारे हेलिकॉप्टर जिन कंपनियों के हैं, वे हैं ग्लोबल वेक्ट्रा हेलिकॉर्प, चिपसैन एविएशन, इंडो पेसिफिक एविएशन लिमिटेड, हेरिटेज एविएशन और गोल्डन ईगल एविएशन। ये कंपनियां मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु की हैं, जिन्होंने चुनाव के लिए अपनी एविएशन मशीन तेलंगाना में उतार रखे हैं।












Click it and Unblock the Notifications