तेलंगाना के कोरोना वायरस के मरीज का बेंगलुरू से जुड़ा लिंक, सरकार ने बुलाई आपात बैठक
बेंगलुरू। भारत में कोरोना वायरस के दो नए मामले सामने आने से राज्य सरकारें सतर्क हो गई हैं। इनमें पहला मामला तेलंगाना और दूसरा दिल्ली से सामने आया है। तेलंगाना के इस मरीज का लिंक बेंगलुरू से भी जुड़ा है। जिसके बाद कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी. श्रीरामुलु ने मंगलवार को बेंगलुरू में अधिकारियों की एक आपातकालीन बैठक बुलाई। श्रीरामुलु ने इस मामले में एक के बाद एक कई ट्वीट किए।

जिसमें उन्होंने बताया कि तेलंगाना के अस्पताल में कोरोना वायरस का जो मरीज भर्ती है, वह बेंगलुरू से होता हुआ तेलंगाना पहुंचा था। मंत्री के अनुसार विभाग के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बेंगलुरू के उस स्थान का भी दौरा किया है, जहां संक्रमित शख्स हैदराबाद जाने से पहले ठहरा था। यहां रहने वाले लोगों की भी निगरानी की जा रही है। फिलहाल मंत्री श्रीरामुलु अपनी बेटी की शादी में व्यस्त हैं, जो 5 मार्च को होनी है। इस वजह से उनकी आलोचना भी की जा रही है। आलोचकों का कहना है कि इस खतरनाक वायरस पर मंत्री बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इस बीच श्रीरामुलु ने उच्च अधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक कर सरकार के अगले कदम को लेकर चर्चा की। सरकार के वरिष्ठ डॉक्टर के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उन लोगों के घरों का दौरा किया है, जो कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से पिछले 28 दिनों के दौरान यात्रा करके लौटे हैं। इन सभी की निगरानी भी की जा रही है।
एक महिला डॉक्टर ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा, 'हमें उन लोगों से मिलने को कहा गया है, जो कोरोना वायरस से प्रभावित हुए देशों से लौटे हैं। ऐसा लगता है कि हवाई अड्डे के आव्रजन विभाग ने कर्नाटक सरकार के साथ अपने विवरण साझा किए हैं। हमें बिना किसी ब्रेक के अगले 28 दिनों तक उनसे मिलना है। ये काफी मुश्किल काम है। दुर्भाग्य से, हमें सुरक्षा के लिए कोई सूट नहीं दिया गया है। हमारे पास मास्क तक नहीं हैं। हमने ये सब अपने ही पैसों से खरीदा है। अगर हमें कोरोना वायरस हो गया, तो कौन हमें बचाएगा?'
हालांकि श्रीरामुलु ने कहा कि सरकार संदिग्ध मामलों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी की शादी के बावजूद निजी तौर पर भी स्थिति का जायजा ले रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications