असम-बंगाल, तमिलनाडु और केरलम चुनाव परिणाम: जनादेश का गणित नहीं, बदलते भारत का नया राजनीतिक व्याकरण
Election Results 2026 Analysis: भारतीय लोकतंत्र की विशालता और जटिलता कभी-कभी एक साथ नजर आती है। असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव परिणाम 2026 ने ठीक यही साबित किया है। ये नतीजे महज सीटों और वोट प्रतिशत के आंकड़े नहीं हैं, बल्कि क्षेत्रीय पहचानों, सांस्कृतिक अस्मिता, एंटी-इनकंबेंसी, नए चेहरों के उदय और पुरानी विचारधाराओं की थकान की गहरी कहानी बयां करते हैं।
ये परिणाम राष्ट्रीय राजनीति के भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण संकेत दे रहे हैं, जहां मतदाता अब एक सूत्र में बंधने को तैयार नहीं है। वह असम में पहचान की राजनीति को स्वीकार कर सकता है, केरल में वामपंथ को नकारा है, तमिलनाडु में सिनेमा स्टार को सत्ता की कमान सौंपी गई है और बंगाल में लंबे समय की सत्ता को बीजेपी ने उखाड़ फेंका है। आइए विस्तार से समझते हैं...

Assam Chunav Result 2026:मियां Vs असमिया - हिमंता मॉडल पर मुहर?
126 सदस्यीय असम विधानसभा में 64 के बहुमत के मुकाबले एनडीए की 90 सीटों पर बढ़त सिर्फ जीत नहीं, एक राजनीतिक प्रोजेक्ट की वैधता-पत्र है। भारतीय जनता पार्टी अपने अब तक के सर्वाधिक 88 सीटों के प्रदर्शन के साथ साफ-साफ बता रही है कि असम अब उसकी प्रयोगशाला नहीं, उसका गढ़ है। 39.12% वोट अपने खाते में और सहयोगी एजीपी के 6.08% जोड़कर 45% से अधिक का वोट-शेयर, कांग्रेस के 28.76% पर सिमटते समर्थन की तुलना में, यह कमाल संयोग से नहीं हुआ।
असम में यह जीत सिर्फ़ सरकार के कामकाज की स्वीकृति नहीं, एसआईआर, सीएए, एनआरसी और संभावित यूसीसी जैसे ध्रुवीकरण करने वाले मुद्दों पर मतदाताओं का 'साफ़ स्टैंड' भी है। हिमंता विश्वशर्मा ने 'बांग्लादेशी मुसलमान' को चुनावी विमर्श के केंद्र में रखकर जो राजनीति की, उसने पहचान की राजनीति को सुरक्षा और सांस्कृतिक अस्तित्व के संकट के साथ इस तरह जोड़ दिया कि विरोध करना 'माइनॉरिटी अपीज़मेंट' और समर्थन करना 'असम की अस्मिता की रक्षा' के बराबर खड़ा कर दिया गया।
कांग्रेस का 20 सीटों पर सिमट जाना, और राज्य के उसके सबसे बड़े चेहरे गौरव गोगोई का चुनाव हार जाना, एक गहरे संदेश के साथ आता है - असम में पुरानी कांग्रेस, अपनी नैरेटिव-क्षमता खो चुकी है। एनआरसी-सीएए के सवाल पर कांग्रेस खुद को निर्णायक विकल्प के रूप में खड़ी नहीं कर सकी; न वह हिंदू असुरक्षा को शांत कर पाई, न अल्पसंख्यक आशंकाओं को भरोसा दे पाई। परिणाम यह हुआ कि 'निर्णय क्षमता' की छवि हिमंता के पाले में चली गई।
असम की यह जीत यह भी बताती है कि भाजपा के लिए अब हिंदुत्व केवल उत्तर और पश्चिम भारत की राजनीति की कुंजी नहीं रहा। पूर्वोत्तर में भी 'सांस्कृतिक राष्ट्रवाद + विकास के वादे + सख़्त प्रशासन' की त्रिगुणात्मक प्रकृति जड़ें जमा चुकी है। हिमंता विश्वशर्मा के नेतृत्व को मिलने वाले 'फुल मार्क्स' यह इशारा भी है कि आने वाले समय में भाजपा के राष्ट्रीय पावर-सर्किट में असम से आने वाला यह चेहरा और ज्यादा केंद्रीय होगा। साफ कहें तो हिंदुत्व का नया पोस्टर-बॉय।
Keralam Chunav Result 2026: क्या ढह गया आख़िरी लाल किला?
केरलम का परिणाम सतह पर जितना सरल दिखता है, भीतर से उतना ही उलझा हुआ है। एक तरफ एलडीएफ लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने से चूक गया, वहीं दूसरी तरफ यह भी कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूडीएफ को जो अप्रत्याशित बढ़त मिली है, उससे केरलम की पारंपरिक द्विध्रुवीय राजनीति एक बार फिर मजबूती से लौटती दिख रही है।
कांग्रेस के नेतृत्त्व में यूडीएफ करीब 100 सीटों पर आगे चल है, जबकि एलडीएफ 35 के आसपास सिमटती नज़र आ रही है। मत प्रतिशत में देखें तो सीपीएम को महज 21.73% और उसके नेतृत्व वाले एलडीएफ को लगभग 29% के आस-पास वोट, जबकि कांग्रेस अकेले 29% पर बैठी सबसे बड़ी पार्टी है और उसके नेतृत्व वाली यूडीएफ 42% के करीब। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के 11% वोट इस समीकरण को स्थायी मुस्लिम-समर्थन का संकेतक है। एनडीए महज़ 11.44% वोट तक सीमित रहा, भाजपा के हिस्से सिर्फ 3 सीटों पर बढ़त।
केरलम की चुनावी तस्वीर दो बातें साफ करती है। पहली, केरलम में वामपंथ की सरकार का पतन केवल विचारधारा की हार नहीं, नेतृत्व की थकान और एंटी-इंकंबेंसी का नतीजा भी है। वाम मोर्चा के एक दशक की लगातार सत्ता के बावजूद 'आदर्शवाद बनाम व्यावहारिकता' की खाई गहरी हुई।
दूसरी, आरएसएस की गहरी जड़ों के बावजूद, केरलम के मतदाता दक्षिणपंथी राजनीतिक वैचारिकी की तरफ निर्णायक मोड़ लेने को तैयार नहीं। मतदाता एलडीएफ से नाराज़ हो सकता है, लेकिन वह नाराज़गी को सीधे भाजपा के खाते में ट्रांसफर करने को राज़ी नहीं। यह केरलम की राजनीतिक चेतना का स्थायी गुण है - धर्म आधारित ध्रुवीकरण के प्रति स्वाभाविक अविश्वास।
फिर भी, कांग्रेस की यह जीत उसकी समस्याओं को ख़त्म नहीं करती, केवल उनका चरित्र बदल देती है। अब सवाल यह नहीं रहेगा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी या नहीं, बल्कि यह कि सत्ता में आएगी तो 'कौन' सत्ता चलाएगा। मुख्यमंत्री कौन होगा। यह वही पुराना कांग्रेस-विरोधाभास है, जहां जीत अवसर कम और अंतर्कलह की भूमिका अधिक लिख देती है। केरलम की जीत, कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 'ब्रीदिंग स्पेस' तो बनाती है, लेकिन यह भी याद दिलाती है कि दिल्ली की राह तिरुवनंतपुरम से नहीं, कई और कठिन भूगोलों से होकर गुजरती है।
Puducherry Chunav Result 2026: छोटा प्रदेश, बड़ा संकेत - दक्षिण भारत में एनडीए की ऑक्सीजन
पुडुचेरी भले ही चार राज्यों में फैला, छोटा-सा केंद्रशासित प्रदेश हो, लेकिन वहां एआईएनआरसी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार की वापसी दक्षिण की राजनीति में भाजपा के लिए जरूरी ऑक्सीजन का काम करेगी। 17 सीटों पर एनडीए की बढ़त और कांग्रेस गठबंधन को महज़ 6 सीटें, जबकि दोनों गठबंधनों के वोट-शेयर में फर्क मामूली - यह संकेत है कि ज़मीनी कैडर और गठबंधन गणित भाजपा के दक्षिण-द्वार के सपने को अभी भी जीवंत रखा हुआ है।
पुडुचेरी की सत्ता-परिवर्तन या सत्ता-वापसी का राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक प्रभाव बहुत गहरा न हो, लेकिन नैरेटिव-पॉलिटिक्स के दौर में यह नतीजा महत्वपूर्ण है। जब तमिलनाडु जैसे बड़े सूबे में भाजपा दो सीटों पर सिमटी दिखे, तो उसी भौगोलिक पट्टी में पुडुचेरी में एनडीए की स्पष्ट वापसी यह संदेश देगी कि भाजपा के लिए "दक्षिण के दरवाज़े' पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं।
Tamil Nadu Chunav Result 2026: नए सितारे की एंट्री या द्रविड़ पॉलिटिक्स का पटाक्षेप?
तमिलनाडु के नतीजे इन चुनावों का सबसे विस्मयकारी अध्याय हैं। कुछ महीने पहले तक जो नाम सिर्फ सिनेमा के पोस्टरों पर छपा था, आज वह सत्ता की दहलीज पर खड़ा है। थलपति विजय की तमिल वेत्तरी कषगम (टीवीके) महज़ साल भर की तैयारी के बाद पहली बार चुनाव मैदान में उतरी, और 109 सीटों पर बढ़त के साथ अकेले बहुमत के क़रीब पहुंच गई।
इसी राज्य में सत्ता पर काबिज़ डीएमके 60 सीटों पर आगे, सहयोगी कांग्रेस 5 पर; दूसरी तरफ एआईएडीएमके 44, भाजपा 2 और पीएमके 5 सीटों पर। वोट प्रतिशत में टीवीके 35% के साथ शीर्ष पर, डीएमके 24.15%, एआईएडीएमके 21.38%, कांग्रेस 3.47%, भाजपा 3.04% और पीएमके लगभग 4% पर। प्रश्न साफ़ है कि कैसे एक नई पार्टी, जो कुछ महीने पहले तक कागज पर भी पूरी तरह दर्ज नहीं थी, द्रविड़ राजनीति के दो दिग्गज दलों को पछाड़ कर सबसे आगे निकल गई?
तमिलनाडु की चुनावी परंपरा का एक दिलचस्प सच है कि यहाो 'सरकार रिपीट' नहीं होती। हालांकि 2016 में एआईएडीएमके ने जयललिता की करिश्माई मौजूदगी के सहारे यह मिथक तोड़ा जरूर था, लेकिन उसके बाद शून्य जैसी स्थिति बन गई। एम.जी. रामचंद्रन, करुणानिधि, जे. जयललिता - जिन चेहरों ने इस राज्य की राजनीतिक संस्कृति में 'स्टारडम' को वैधता दी, उनके जाने के बाद डीएमके और एआईएडीएमके दोनों के पास वैसी चमकदार, सर्वमान्य स्टार-पावर नहीं बची।
दूसरी तरफ, डीएमके के खिलाफ सत्ता-विरोध, एआईएडीएमके में अंतर्कलह और बिखराव, दोनों पार्टियों के नेतृत्व की करिश्माई कमी - ये सब मिलकर एक शून्य बना रहे थे। इसी निर्वात ने टीवीके के लिए दरवाज़ा खोला। तमिल समाज की राजनीतिक मानस-रचना में 'हीरो-वर्शिप' केवल फिल्मी दीवानगी नहीं, सत्ता की संकल्पना का भी हिस्सा है। जो चेहरा पर्दे पर न्याय कर सकता है, गलत के ख़िलाफ़ लड़ सकता है, ग़रीब की आवाज़ बन सकता है - वह वोट की पर्ची में भी भरोसे का प्रतीक बन जाता है। थलपति विजय का वही स्टारडम, जब 'विजयतिलक' के साथ टीवीके के नाम पर मुहर में बदल गया, तो लोगों ने उसे सिर्फ अभिनेता नहीं, मसीहा की तरह देखना शुरू किया।
टीवीके की यह उड़ान यह भी दिखाती है कि आइडियोलॉजी से थके हुए मतदाता, अब नैरेटिव और चेहरे पर ज़्यादा भरोसा कर रहे हैं। द्रविड़ विमर्श की गहराई, सामाजिक न्याय की ठोस बुनियाद - ये सब अभी भी तमिल राजनीति की रीढ़ हैं, लेकिन इन सबके ऊपर 'कौन बोलेगा' और 'कैसा लगेगा' का फैक्टर निर्णायक हो उठा है।
आने वाले समय में यही टीवीके की असली परीक्षा भी होगी। सत्ता में आने के बाद क्या थलपति विजय अपनी हीरो-छवि को संस्थागत राजनीति की सख्त, नीरस, कभी-कभी निर्मम ज़रूरतों के साथ संतुलित कर पाएँगे? तमिलनाडु की यह कहानी अभी शुरुआत भर है, मौजूदा चुनाव सिर्फ उसका पहला दृश्य दिखा रहे हैं। दूसरे और तीसरे नंबर पर डीएमके और एडीएमके का कब्ज़ा अब भी इस बात की तस्दीक कर रहा है कि कोरोमंडल तट पर द्रविड राजनीति का सूरज ढला जरूर है लेकिन अप्रासंगिक नहीं हुआ है।
West Bengal Chunav Result 2026: 'मां, माटी, मानुष' से 'मेंडेट फॉर मोदी' का डिकोड
पश्चिम बंगाल, जो अब तक भाजपा के लिए वाटरलू की तरह था। हर बार आकांक्षा ऊंची, नतीजा निराशाजनक, लेकिन इस बार पूरी तरह अलग कहानी सुना रहा है। 202 सीटों पर बढ़त के साथ कमल खिलने को तैयार है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस, जो तीन बार लगातार सत्ता में रहकर खुद को 'अजेय' समझने लगी थी, महज़ 85 सीटों पर सिमटती दिख रही है।
कांग्रेस लगभग शून्य पर आ गई, लेफ़्ट के लिए कुछ भी 'राइट' नहीं रहा, और टीएमसी से अलग हुए हमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) 2 सीटों पर आगे। मत प्रतिशत की तस्वीर और भी चौंकाती है - भाजपा 45.43% के साथ पहले नंबर पर, टीएमसी 41% के आसपास, कांग्रेस 3%, लेफ्ट 4.5% और हमायूं कबीर की पार्टी भी लगभग 4.5% पर।
कभी वाम के मज़बूत गढ़ को हिला कर 'परिवर्तन' का नारा देने वाली ममता बनर्जी के लिए यह परिणाम केवल हार नहीं, उस नैरेटिव की थकान की स्वीकारोक्ति है, जिसने 'मां, माटी, मानुष' को सत्ता की कुर्सी से ज्यादा नहीं जोड़ा। भ्रष्टाचार के आरोप, पार्टी कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी की छवियां, बशीरहाट से लेकर आरजीकर मेडिकल कॉलेज तक महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों ने उस पार्टी की साख को गहरी चोट पहुंचाई, जो खुद को 'जनता की ढाल' कहती थी।
भाजपा की रणनीति यहां पाठ्यपुस्तक में पढ़ाने लायक रही। हर सीट का सूक्ष्म विश्लेषण, टीएमसी की स्थानीय ताकत-कमजोरी का बारीकी से आकलन, बंगाल के अपने कैडर को आगे रखना, और केंद्रीय नेतृत्व को जमीनी तस्वीर से लगातार जोड़े रखना। इसके साथ आरएसएस का वर्षों का 'होमवर्क' - बूथ स्तर तक संगठन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के ज़रिए वैचारिक बारूद भरना - सबका समेकित परिणाम अब दिख रहा है।
पीएम का झालमुड़ी खाना, बच्चों के साथ फुटबॉल खेलना, बंगाली अंदाज़ में माछ-भक्षण की तस्वीरें, भाजपा नेताओं की 'हम बाहरी नहीं, तुममें से ही हैं' वाली छवियां- यह सब सतह पर भले ही अनुवाद-योग्य प्रतीक लगें, लेकिन भीतर यह एक गहरे असुरक्षा-बोध को शांत करने की कोशिश थी। बंगाल का बुद्धिजीवी समाज, जो 'बाहरी बनाम भीतरी' की बहस को बेहद गंभीरता से लेता है, उसे यह दिखाना ज़रूरी था कि भाजपा सिर्फ दिल्ली से थोपे गए एजेंटों की पार्टी नहीं, बंगाल के अपने 'संस्कृति-कर्मियों' के सहारे भी खड़ी हो सकती है।
लेकिन कहानी यहां खत्म नहीं होती। बंगाल के इस परिणाम को समझने के लिए तीन M फैक्टर - महिला, मुस्लिम, मतुआ - को केंद्र में रखना होगा। आइए समझते हैं कैसे...
1. महिला फैक्टर: ममता की ढाल क्यों चटक गई?
- लक्षित भंडार जैसी योजनाएं, महिलाओं के खाते में सीधे पैसे, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में प्राथमिकता - यह सब मिलकर टीएमसी को महिलाओं के बीच एक मजबूत आधार देता था। इसके ऊपर ममता बनर्जी की एक सशक्त महिला नेता की छवि - अकेले लड़ने वाली, ज़मीनी, सादगीपूर्ण - यह सब जोड़ लें तो महिला वोट बैंक टीएमसी का 'नेचुरल किला' लगता था।
- फिर भी, महिला मतदाता निर्णायक रूप से भाजपा की तरफ झुके। कारण सिर्फ योजनाओं से थकान या वादों की ऊब नहीं, सुरक्षा का प्रश्न भी है। जब बार-बार ऐसी घटनाएँ घटती हैं जहाँ शासन पर 'महिलाओं की रक्षा में नाकाम' होने के आरोप लगते हैं, तो सबसे पहले भरोसा वही वर्ग खोता है, जिसे सत्ता ने 'अपनी सबसे बड़ी ताकत' घोषित कर रखा हो। यही विरोधाभास यहाँ टीएमसी को भारी पड़ा - ममता जितनी बड़ी महिला-आइकन दिखीं, उतनी ही ज्यादा सवाल उनसे महिलाओं की सुरक्षा पर पूछे गए।
2. मुस्लिम फैक्टर: तुष्टिकरण की सीमा, ध्रुवीकरण की परिणति
- लंबे समय से टीएमसी ने अल्पसंख्यक समुदाय, ख़ासकर मुस्लिम वोटबैंक को अपनी स्थायी संपत्ति मान रखा था। लेकिन इस बार यह 'संपत्ति' ही उलटा असर कर गई। जिस खुले तुष्टिकरण की छवि बनी, उसने बहुसंख्यक मतदाताओं में असुरक्षा की लहर पैदा की - जिसका सीधा राजनैतिक लाभ भाजपा ने उठाया।
- दूसरी तरफ, जिस मुस्लिम बेस पर टीएमसी का एकाधिकार था, उसमें भी हमायूँ कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी जैसे नए खिलाड़ियाँ सेंध लगा गए। करीब 4.5% वोट अगर एक नई, अपेक्षाकृत छोटी पार्टी को मिल रहा है, तो यह संकेत है कि मुसलमान मतदाता भी अब 'एकल विकल्प' से संतुष्ट नहीं; वे अपनी अलग राजनीतिक आवाज़ तलाश रहे हैं। यह खोज टीएमसी की 'अपूर्ण प्रतिबद्धता' पर अविश्वास की उपज है।
3. मतुआ फैक्टर: सीएए की सियासी उपयोगिता
मतुआ समुदाय बंगाल की राजनीति में आज सिर्फ एक वोट बैंक नहीं, सत्ता-निर्णायक कारक बन चुका है। पूर्वी बंगाल (अब बांग्लादेश) से आए शरणार्थियों की पीड़ा, नागरिकता के प्रश्न पर दशकों की असुरक्षा, और दिल्ली-दिल्ली तक अनसुनी रही मांगों ने उन्हें हमेशा 'हाशिए पर गुस्से' की स्थिति में रखा।
भाजपा ने इसी गुस्से को, सीएए के वादे के साथ उम्मीद में बदला। चाहे सीएए का लागू होना बरसों की प्रक्रिया क्यों न हो, प्रतीकात्मक तौर पर यह कानून मतुआ समुदाय को 'मान्यता' देता दिखा। जहाँ टीएमसी सीएए-विरोध की राजनीति करती रही, वहीं मतुआ समुदाय ने अपने लिए 'कौन हमारे मुद्दे को सीधे संबोधित कर रहा है' यह सवाल पूछा - और जवाब भाजपा के पाले में मिला।
बंगाल का यह चुनाव बताता है कि पहचान आधारित राजनीति अब महज नारा नहीं, नीति-निर्णय के ठोस संकेतों पर टिकी है। और जिस भी दल के पास इन संकेतों का ठोस, स्पष्ट खाका होगा, सत्ता का नक्शा उसकी तरफ़ झुकेगा। इसके अतिरिक्त एसआईआर ने भी बंगाल में तृणमूल के आधार को संकुचित कर कमल खिलाने की महती पटकथा में कुछ महत्त्वपूर्ण अक्षर जरूर जोडे हैं।
5 राज्यों की सामूहिक तस्वीर: मतदाता बुद्धिमान, राजनीति अभी भी पुरानी
इन पांचों राज्यों के नतीजों को एक साथ रखिए, तो यह कथा कई परतों में खुलती है।
- असम में भाजपा की रिकॉर्ड जीत दिखाती है कि हिंदुत्व और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर टिकी पहचान-राजनीति, जब किसी क्षेत्रीय चेतना (असमिया अस्मिता) के साथ जड़ जाती है, तो उसका प्रतिरोध आसान नहीं रहता।
- केरलम में वामपंथ का आखिरी गढ़ ढहना यह कहता है कि विचारधारा स्थायी है, लेकिन सरकारें नहीं; आदर्शवाद यदि प्रशासनिक दक्षता से नहीं जुड़ता, तो वह मतपत्र तक नहीं पहुंच पाता।
- पुडुचेरी में एनडीए की वापसी दक्षिण में भाजपा के लिए यह आश्वासन है कि राजनीतिक भूगोल चाहे कितना ही जटिल क्यों न हो, गठबंधन राजनीति के ज़रिए वह हर जगह अपनी मौजूदगी का दावा कर सकती है।
- तमिलनाडु का विजय-मुहूर्त यह निश्चित करता है कि सिनेमा और राजनीति के रिश्ते सिर्फ तमाशा नहीं, गहरी सामाजिक स्वीकार्यता की अभिव्यक्ति हैं। अगर स्थापित राजनीति विश्वसनीय विकल्प देने में विफल हो तो लोग नए चेहरों, नए नारों को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।
- पश्चिम बंगाल की तस्वीर यह बता रही है कि कोई भी 'अजानी ताकत' स्थायी नहीं, कोई भी 'बाहरी' हमेशा बाहरी नहीं रहता; संगठन, रणनीति और नैरेटिव - यदि तीनों मोर्चों पर धैर्य के साथ काम हो - तो सबसे कठिन किले भी फतेह किए जा सकते हैं।
- इन परिणामों का सबसे बड़ा सबक शायद यही है कि भारतीय मतदाता अब जाति, धर्म, भाषा तक सीमित किसी एक सूत्र से पूरी तरह नहीं पढ़ा जा सकता। वह असम में सीएए को स्वीकार कर सकता है, तो केरल में भाजपा को सिरे से नकार सकता है; तमिलनाडु में एक फिल्म-स्टार को सत्ता की चौखट तक पहुँचा सकता है, तो बंगाल में 'घासफूल' से मोहभंग कर 'कमल' को मंज़िल बना सकता है। लोकतंत्र की यही जटिलता उसकी सबसे बड़ी ताकत भी है। वह किसी एक नैरेटिव, किसी एक दल, किसी एक करिश्मे पर अपनी स्थायी मुहर नहीं लगाता।
मिश्रित परिणाम: भविष्य का संदेश क्या?
इन पांच राज्यों के चुनाव परिणाम भारत की राजनीति के लिए कुछ स्पष्ट संकेत देते हैं।
- चेहरे और नैरेटिव का युग: स्टार-पावर, चाहे वह हिमंता विश्वशर्मा जैसा आक्रामक प्रशासक हो, थलपति विजय जैसा फिल्मी नायक हो, या नरेंद्र मोदी जैसा राष्ट्रीय चेहरा - बिना करिश्माई नैरेटिव के अब चुनाव लड़ना और जीतना मुश्किल होगा।
- आइडियोलॉजी बनाम डिलीवरी: विचारधारा ज़रूरी है, लेकिन पर्याप्त नहीं। केरल का वाम, बंगाल की टीएमसी और यहां तक कि द्रविड़ पार्टियाँ - सबके पास मजबूत वैचारिक पूँजी थी, लेकिन जहाँ डिलीवरी कमजोर पड़ी, वहाँ जनता ने वैचारिक साम्य की परवाह नहीं की।
- पहचान की राजनीति का नया संस्करण: महिला, मुस्लिम, मतुआ - यह सिर्फ बंगाल की कहानी नहीं; हर राज्य में अलग-अलग समूह अब 'मोलभाव करने वाले मतदाता' बन रहे हैं, जो अपने अधिकारों का, अपने प्रतिनिधित्व का सचेत इस्तेमाल कर रहे हैं।
- राष्ट्रीय फलक पर व्यापक प्रभाव: दो राज्यों में भाजपा की वापसी और पश्चिम बंगाल में अभूतपूर्व जीत के बाद न केवल अगले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, मिजोरम और गुजरात जैसे राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भगवा दल का मनोबल ऊंचा होगा बल्कि संसद के उपरी सदन में भी सत्ताधारी दल की शक्ति बढेगी। 3-2 के इस जनादेश से भाजपा अपनी सर्वस्वीकार्यता के नैरेटिव को और प्रखर तरीके से रखेगी।
- अंत में, पांच राज्यों की यह चुनावी गाथा एक ही सच दोहराती है - भारतीय मतदाता अब किसी एक सूत्र में बंधा नहीं। असम में पहचान की जीत हुई, केरल में वामपंथ का सूर्यास्त, तमिलनाडु में सितारे का उदय, और बंगाल में 'परिवर्तन' की खुद परिवर्तित हो जाना - यह सब मिलकर बताता है कि लोकतंत्र का व्याकरण लगातार बदल रहा है। जो दल इस बदलाव को समझेगा, नैरेटिव और डिलीवरी दोनों पर खरा उतरेगा, वही आने वाले समय में सत्ता का असली दावेदार होगा। मतदाता ने अपनी बात कह दी है, अब सुनने की बारी सत्ता की है।













Click it and Unblock the Notifications