पीएम मोदी 'बड़े भाई जैसे', गुजरात मॉडल पर लट्टू! लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेसी सीएम के क्यों बदले सुर
लोकसभा चुनावों से पहले तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की सराहना की है और प्रदेश के विकास के लिए गुजरात मॉडल की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं, वह राजनीतिक तौर पर वाकई चौंकाने वाला है।
तेलंगाना में पिछले साल दिसंबर में ही कांग्रेस की सरकार बनी है, जो पार्टी पीएम मोदी और उनकी अगुवाई वाली बीजेपी सरकार की हर नीति का विरोध कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र की इसी सरकार के खिलाफ अभी मणिपुर से मुंबई तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर निकले हुए हैं।

पीएम मोदी के विकास मॉडल के मुरीद हुए कांग्रेसी सीएम
लेकिन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'बड़ा भाई' बताया है और कहा है कि अगर तेलंगाना को विकसित होना है तो इसे गुजरात मॉडल ही अपना होगा, कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक लाइन से यह पूरी तरह से अलग बात है।
केंद्र सरकार से नहीं लड़ेंगे तेलंगाना के सीएम!
विकास के गुजरात मॉडल का तो कांग्रेस ने हमेशा से विरोध किया है और पीएम मोदी सरकार की नीतियों पर निशाना साधने का तो वो कोई मौका ही नहीं छोड़ती।
लेकिन,कांग्रेस पार्टी की सरकार के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सोमवार को कहा है कि वह केंद्र सरकार के खिलाफ नहीं लड़ेंगे, क्योंकि उन्होंने तेलंगाना राज्य के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सहायता मांगी है।
पीएम मोदी के सपने को पूरा करने में किया सहायता का वादा
इतना ही नहीं सीएम रेड्डी ने कहा है कि 5 ट्रिलयन डॉलर की अर्थव्यवस्था के प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करने में तेलंगाना हाथ बंटाना चाहता है।
मुख्यमंत्री ने मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के विकास के लिए केंद्र सरकार से फंड का अनुरोध किया है और कहा है कि देश के विकास में तेलंगाना और हैदराबाद केंद्र की सहायता करेगा।
56,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं की पीएम ने रखी आधारशिला
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी तेलंगाना के दौरे पर पहुंचे। 2024 के लोकसभा चुनावों की घोषणा से से पहले उन्होंने सोमवार को प्रदेश के आदिलाबाद में 56,000 करोड़ रुपए से ज्यादा लागत वाली 30 से ज्यादा परियोजनाओं की आधारशिला रखी है।
'देश की 140 करोड़ की आबादी ही मेरा परिवार है'
आदिलाबाद में ही विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा है, 'देश की 140 करोड़ की आबादी ही मेरा परिवार है'।
उन्होंने कहा, 'बीजेपी देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी वजह से तेलंगाना के लोग भी कह रहे हैं, 'अबकी बार, 400 पार'।
खुद प्रधानमंत्री ने लोकसभा चुनावों में भाजपा के लिए 370 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है और एनडीए की सीटें 400 के पार पहुंचने के नारे दिए हैं।
क्या कांग्रेसी सीएम को विपक्ष के प्रदर्शन पर नहीं है भरोसा?
इसके बाद भी अगर मुख्य विपक्षी पार्टी शासित राज्य के मुख्यमंत्री केंद्र से कदम से कदम मिलाकर चलने की बात कह रहे हैं तो मौजूदा राजनीतिक माहौल में सवाल यही उठता है कि क्या आम चुनावों में उन्हें भी विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया और अपनी कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन को लेकर पूरा भरोसा नहीं है?












Click it and Unblock the Notifications