पवन सिंह की जगह अब अक्षरा सिंह को मिल सकता है आसनसोल का टिकट, भोजपुरी अभिनेत्री के पिता ने किया ये दावा
आसनसोल लोकसभा सीट पर अब भोजपुरी सिनेमा की अभिनेत्री अक्षरा सिंह के चुनाव लड़ने की खबर सामने आ रही है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अक्षरा सिंह को पश्चिम बंगाल की इस लोकसभा सीट से बीजेपी का टिकट मिल सकता है।
आसनसोल सीट से पवन सिंह की ओर से नाम वापस लेने के बाद बीजेपी नए भोजपुरी स्टार की तलाश में है। ऐसे में अक्षरा सिंह दावेदारों में सबसे आगे दिखाई दे रही हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि बीजेपी में अक्षरा को लेकर बातचीत शुरू हो गई है।

भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के पिता ने भी इसे लेकर दिलचस्पी दिखाई है। उन्होंने कहा है कि अगर बीजेपी आसनसोल सीट से अक्षरा को उम्मीदवार बनाती है तो वह जरूर चुनाव लडे़गी और जीतेगी। इससे पहले भी अक्षरा सिंह बीजेपी के कई नेताओं से मुलाकात कर चुकी हैं।
अभी आधिकारिक घोषणा नहीं
हालांकि, पार्टी की ओर अभी इसकी घोषणा नहीं हुई है। बता दें कि अक्षरा सिंह, पवन सिंह की धुर विरोधी मानी जाती है। अक्षरा और पवन सिंह की पहले काफी नजदीकी हुआ करती थी। दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है। ऐसा माना जाने लगा था कि दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। हालांकि दोनों के रास्ते अलग हो गए। अक्षरा सिंह कई मौकों पर पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं।
पवन सिंह को मिला था टिकट
बता दें कि 2 मार्च को भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 195 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। बीजेपी ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल के आसनसोल से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। पहले तो पवन सिंह ने इसके लिए बीजेपी को धन्यवाद दिया। लेकिन, कुछ समय के बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने की बात कह सबको चौंका दिया।
हिन्दीभाषी बहुल क्षेत्र है आसनसोल
आपको बता दें कि आसनसोल झारखंड से सटा एक कोयला खदान वाला क्षेत्र है। पश्चिम बंगाल में होने के बावजूद यहां की बहुसंख्यक आबादी हिंदीभाषी है। इस सीट पर फिलहाल शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं। इससे पहले यहां से बाबुल सुप्रियो को जीत मिली थी। ऐसे में बीजेपी एक बार फिर से स्टार पावर के जरिए आसनसोल को जीतना चाहती है।
पवन सिंह के खिलाफ भड़का गुस्सा
आपको बता दें कि पवन सिंह को बीजेपी की ओर से टिकट देने के बाद उनके खिलाफ आरोपों की बाढ़ आ गई थी। सोशल मीडिया पर ऐसे तमाम पोस्ट सामने आने लगीं, जिनमें भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह पर महिला विरोधी गीत गाने और बंगाल की महिलाओं के प्रति अश्लील नजरिया अपनाने के आरोप लगे।
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पवन सिंह ने अपने भोजपुरी गीतों और वीडियो में बंगाल की महिलाओं के प्रति अश्लील नजरिया दिखाया है। वहीं, बीजेपी से तृणमुल में गए गायक बाबुल सुप्रियो ने कहा कि पवन सिंह की उम्मीदवारी से साफ है कि बीजेपी बंगाल और यहां की महिलाओं के बारे में क्या सोचती है।
आसनसोल पर अक्षरा का दावा मजबूत
जाहिर है कि पवन सिंह के बहाने विपक्षी बीजेपी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में अक्षरा सिंह को टिकट देने से बीजेपी इस आरोप को धूमिल कर सकती है। अक्षरा सिंह भोजपुरी जगत में एक बड़ा नाम भी है। ऐसे में बीजेपी महिला अभिनेत्री के स्टार पावर को भुना सकती है।












Click it and Unblock the Notifications