'मुझे पता था कि मनमोहन सिंह मुझसे बेहतर प्रधानमंत्री होंगे’, सोनिया गांधी ने किया था सच स्वीकार
Sonia Gandhi Confession: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने 2018 में मुंबई के एक कार्यक्रम में यह स्वीकार किया था कि उन्हें 2004 के लोकसभा चुनावों में यह पता था कि डॉ. मनमोहन सिंह उनसे बेहतर प्रधानमंत्री साबित होंगे। सोनिया गांधी ने कहा था, "मुझे अपनी सीमाएं पता थीं। मुझे पता था कि मनमोहन सिंह मुझसे बेहतर प्रधानमंत्री होंगे।" ज्ञात हो कि पूर्व पीएम राजीव गांधी की पत्नी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने से इनकार करने के बाद मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने थे।
2004 के लोकसभा चुनाव के बाद जब कांग्रेस पार्टी ने यूपीए सरकार बनाई, तो सोनिया गांधी पर उनके विदेशी मूल को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके चलते सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने से मना कर दिया और मनमोहन सिंह के नाम पर अपनी स्वीकृति देकर पार्टी के भीतर सभी को चौंका दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के बीच की सियासी केमिस्ट्री बहुत मजबूत रही।

यूपीए सरकार के दोनों कार्यकाल (2004-2014) में दोनों के बीच में कभी भी टकराव देखने को नहीं मिला, बल्कि उनके बीच एक अच्छे सामंजस्य और समझ का माहौल रहा, जो पार्टी और सरकार की नीति-निर्माण प्रक्रिया में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। मनमोहन सिंह की आर्थिक नीतियों और सोनिया गांधी के नेतृत्व में सरकार ने कई महत्वपूर्ण सुधारों की दिशा में कदम बढ़ाए, जिससे भारत के विकास को एक नई दिशा मिली।
यह भी पढ़ें 'मनमोहन सिंह को दिया जाये भारत रत्न', AAP सांसद संजय सिंह की केंद्र सरकार से मांग
मनमोहन सिंह ने की थी भारत में आर्थिक उदारीकरण की शुरुआत
ज्ञात हो कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर की रात 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी गुरचरण कौर और तीन बेटियां हैं। मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनका राजनैतिक सफर 1991 में शुरू हुआ था, जब उन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव की कैबिनेट में वित्त मंत्री बनाया गया।
इस दौरान उन्होंने भारत में आर्थिक उदारीकरण की शुरुआत की और कई वित्तीय सुधार लागू किए। प्रधानमंत्री बनने के बाद, उन्होंने मनरेगा योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली का विस्तार, और सूचना के अधिकार अधिनियम जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की।
पीएम मोदी ने किया शोक व्यक्त,बताया बड़ी क्षति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दयालु इंसान, विद्वान अर्थशास्त्री और सुधारों के लिए समर्पित नेता के रूप में याद किया। मोदी ने कहा कि डॉ. सिंह का जीवन यह सिखाता है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों के बावजूद ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका निधन राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है।
अमेरिका ने भी जताया शोक, कहा- उनको गर्व के साथ याद करेंगे
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मनमोहन सिंह "यूएस-भारत साझेदारी के सबसे बड़े समर्थकों में से एक थे।" विपक्षी नेता राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह को मार्गदर्शक और मेंटर बताते हुए कहा, "हम में से लाखों लोग उन्हें गर्व के साथ याद करेंगे।"
राष्ट्र की सेवा के लिए उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए, केंद्र सरकार ने सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications