Sonam Wangchuk Hunger Strike: सोनम वांगचुक खत्म करेंगे भूख हड़ताल? मंत्रियों को पत्र लिखकर रखीं कई शर्तें
Sonam Wangchuk Hunger Strike: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारों की आवाज माने जाने वाले सोनम वांगचुक ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन खत्म करने को लेकर केंद्र सरकार के नाम एक खुला पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी प्रमुख मांगों पर स्पष्ट और लिखित आश्वासन देती है तो वह अपना अनशन समाप्त कर देंगे।
साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत मिलने पर वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों से भी फिलहाल आंदोलन रोककर सरकार के साथ बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील करेंगे। हालांकि उन्होंने साफ किया कि बिना ठोस आश्वासन के उनका अनशन जारी रहेगा।

सरकार के सामने रखीं ये प्रमुख मांगें
22 जुलाई 2026 को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह के नाम लिखे पत्र में सोनम वांगचुक ने कहा कि सरकार ने उनसे मुलाकात के दौरान कुछ मांगों पर सकारात्मक विचार का भरोसा दिया था। इनमें पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा और संसद में शिक्षा व्यवस्था पर सार्थक चर्चा के साथ शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर भी विचार शामिल है।
ये भी पढे़ं: हायजैक हुआ CJP का NEET प्रोटेस्ट? मेदांता पहुंचे जेपी नड्डा, खत्म होगा सोनम वांगचुक का अनशन?
छात्रों पर कार्रवाई नहीं करने की मांग
वांगचुक ने पत्र में सरकार से सबसे अहम मांग यह रखी कि आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं के खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी या प्रतिशोधात्मक कार्रवाई नहीं की जाए। उन्होंने कहा कि इन छात्रों का एकमात्र "अपराध" बेहतर और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग करना है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं को डराने की बजाय उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए।
आश्वासन मिलते ही खत्म करेंगे अनशन
सोनम वांगचुक ने साफ किया कि यदि सरकार उनकी मांगों पर स्पष्ट और बिना किसी शर्त के आश्वासन देती है तो वह तुरंत अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि इसके बाद वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों से भी आंदोलन को फिलहाल रोकने और सरकार के साथ संवाद शुरू करने की अपील करेंगे ताकि समाधान बातचीत के जरिए निकाला जा सके।
ये भी पढे़ं: Sonam Wangchuk Parliament march: संसद मार्च में शामिल होंगे सोनम वांगचुक? अस्पताल से की डिस्चार्ज की मांग
पुलिस कार्रवाई पर भी जताई चिंता
पत्र में वांगचुक ने 20 जुलाई को हुए 'चलो संसद' मार्च का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं पर झूठे मुकदमे दर्ज नहीं करेगी और भविष्य में भी आंदोलन को दबाने के लिए अत्यधिक पुलिस बल का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
लोकतंत्र और युवाओं का दिया संदेश
अपने पत्र के आखिर में सोनम वांगचुक ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत इस बात से तय होती है कि वह असहमति रखने वाले और सवाल पूछने वाले युवाओं के साथ कैसा व्यवहार करता है। उन्होंने लिखा कि देश का भविष्य उन युवाओं की आवाज सुनने में है जो साहस, उम्मीद और विश्वास के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
