हायजैक हुआ CJP का NEET प्रोटेस्ट? मेदांता पहुंचे जेपी नड्डा, खत्म होगा सोनम वांगचुक का अनशन?
CJP द्वारा शुरू किए गए पेपर लीक के खिलाफ प्रोटेस्ट में विपक्ष पूरी तरह कूद पड़ी है। इसी बीच सरकार ने सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मिलने की पहल की। मंगलवार, 21 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह सोनम वांगचुक से मिलने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे।
दोनों नेताओं की यह मुलाकात उनसे ऐसे समय हुई है, जब वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर 23 दिनों से अनशन पर हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल से मेदांता शिफ्ट किया गया है। उनकी तबीयत को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

इस मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि सरकार ने वांगचुक से बातचीत की पहल शुरू कर दी है। दूसरी ओर, जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है और विपक्षी नेताओं की मौजूदगी से राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। CJP के समर्थक लगातार जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं। वहीं पुलिस द्वारा स्टूडेंट्स पर किए लाठी चार्ज के खिलाफ नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद में बाबा साहब की मूर्ति के नीचे 2 दिनों से धरना दे रहे हैं। इसी बीच बुधवार की सुबह चंद्रशेखर से ओवैसी मिलने पहुंचे।
ये भी पढ़ें: 'तो खत्म कर दूंगा अनशन', सोनम वांगचुक ने टीशू पेपर पर लिखकर भेजा मैसेज, गैर-कानूनी नजरबंद करने का लगाया आरोप
मेदांता में वांगचुक से मिले केंद्रीय मंत्री
सूत्रों के अनुसार, जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की। वांगचुक को दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सफदरजंग अस्पताल से यहां लाया गया है। कोर्ट ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की लगातार निगरानी को जरूरी बताया था। सुनवाई के दौरान एम्स और सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बताया था कि वांगचुक के शरीर में पोटेशियम का स्तर कम है। उनकी TLC रिपोर्ट को लेकर भी चिंता जताई गई थी। इसके बाद कोर्ट ने बेहतर इलाज और निगरानी के लिए उन्हें मेदांता भेजने का आदेश दिया। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी कहा था कि सरकार को मेदांता में इलाज कराने पर कोई आपत्ति नहीं है।
28 जून से अनशन पर हैं वांगचुक
वांगचुक 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। वह CJP के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन का समर्थन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करना, NEET समेत अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं पर सरकार से जवाब मांगना और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल है।
जंतर-मंतर पर बढ़ी विपक्षी नेताओं की मौजूदगी
CJP के प्रदर्शन में विपक्षी नेताओं का पहुंचना भी जारी है। शरद पवार और अरविंद केजरीवाल के बाद ममता बनर्जी के भी जंतर-मंतर पहुंचने की चर्चा है। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे मंगलवार को प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। वहीं, NCP (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उद्धव ठाकरे के प्रदर्शन में शामिल होने पर शिवसेना नेता संजय निरुपम ने एक्स पर पोस्ट कर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता छात्रों के मुद्दे पर राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। निरुपम ने कहा कि विपक्ष की विश्वसनीयता कमजोर हुई है और आंदोलनों में आम लोगों की जगह अब केवल उनके कार्यकर्ता नजर आते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दखल के कारण छात्रों का असली मुद्दा पीछे छूट सकता है।
'हमने नहीं किया कहीं और प्रदर्शन का आवाहन'
विपक्ष की जबरदस्त एंट्री के बाद कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन हाईजैकेड सा लगने लगा है। इसी बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दीपक ने वीडियो जारी करते हुए कहा, "कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर के अलावा कहीं और इकट्ठा होने का कोई आह्वान नहीं किया है, जहां हमारा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन चल रहा है। हमें ऐसी खबरें मिली हैं कि दिल्ली के अन्य हिस्सों में उपद्रव मचाने के लिए कुछ गुंडों को भेजा गया हो सकता है। वे CJP के साथ नहीं हैं।"
बता दें, CJP ने सोमवार को NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर से संसद की ओर 'संसद चलो' मार्च निकाला था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस दौरान 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। जबकि पुलिस द्वारा छात्रों को बेरहमी से पीटने के कई वीडियो भी सामने आए हैं। कई स्वतंत्र पत्रकारों को भी गंभीर चोटें आईं हैं। हालांकि, CJP के समर्थकों के घायल होने का कोई ऑफिसियल डेटा सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: 'संसद भवन उखाड़ दिया जाएगा', CJP प्रोटेस्ट में किसने दी भारत को नेपाल बनाने की धमकी? वीडियो वायरल


Click it and Unblock the Notifications
