सैलरी ही नहीं मिलती! शहजाद पूनावाला ने खोला बीजेपी छोड़ने का राज, बताया अब क्या है आगे का प्लान?
Shehzad Poonawalla New Role: भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने के बाद शहजाद पूनावाला लगातार चर्चा में हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने वाले पूनावाला ने अब साफ कर दिया है कि आखिर उन्होंने राजनीति छोड़कर नौकरी में लौटने का फैसला क्यों किया। उन्होंने बताया कि प्रवक्ता का पद स्वैच्छिक होता है और इसके लिए कोई सैलरी नहीं मिलती।
ऐसे में काम और राजनीति के बीच संतुलन बनाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। पूनावाला के मुताबिक, वह 2024 से ही बीजेपी छोड़ने की योजना बना रहे थे। अब उन्होंने अपने नए सोशल मीडिया इनिशिएटिव 'द मेनिफेस्टो' के जरिए आगे बढ़ने के संकेत दिए हैं।

2024 से ही बीजेपी छोड़ने की बना रहे थे योजना
शहजाद पूनावाला ने बताया कि बीजेपी छोड़ने का फैसला अचानक नहीं लिया गया है। वह साल 2024 से ही इसकी योजना बना रहे थे। उनका कहना है कि राजनीति को पूरा समय देने के लिए उन्होंने अपनी सैलरी वाली नौकरी छोड़ी थी। लेकिन समय के साथ आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें दोबारा नौकरी करने का फैसला लेना पड़ा। उनके लिए अब नौकरी और राजनीति में से एक को चुनना जरूरी हो गया था।
ये भी पढे़ं: शहजाद पूनावाला दोबारा इस्तीफा देने के बाद भी BJP को दे रहे बधाई, लोग बोले- 'फिर पार्टी छोड़ी ही क्यों?’
प्रवक्ता का पद है स्वैच्छिक, नहीं मिलती सैलरी
पूनावाला ने अपने इस्तीफे की सबसे बड़ी वजह आर्थिक स्थिति को बताया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रवक्ता को कोई सैलरी नहीं मिलती और यह पूरी तरह स्वैच्छिक पद होता है। बीजेपी नेतृत्व ने उन्हें अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए कहा था, लेकिन पूनावाला अपने निर्णय पर कायम रहे। उनका कहना है कि अब उन्होंने वापस सर्विस इंडस्ट्री में जाने का फैसला किया है।
बीजेपी की विचारधारा का समर्थन करते रहेंगे
बीजेपी से इस्तीफा देने के बावजूद शहजाद पूनावाला ने साफ किया है कि वह पार्टी की विचारधारा से दूर नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे बीजेपी के लिए सीधे तौर पर काम नहीं करेंगे, लेकिन पार्टी की सोच और विचारधारा का समर्थन करते रहेंगे। पूनावाला ने बीजेपी की तारीफ करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें अपनी बात स्वतंत्र रूप से रखने का मौका मिला और असहमति होने पर नेतृत्व चर्चा करता था।
युवाओं और मिडिल क्लास के मुद्दे उठाएंगे
पूनावाला ने अपने आगे के प्लान को लेकर भी संकेत दे दिए हैं। बीजेपी से इस्तीफे की घोषणा से एक दिन पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर 'द मेनिफेस्टो' नाम के नए इनिशिएटिव की घोषणा की थी। इसका फोकस खासतौर पर मिडिल क्लास के मुद्दों पर रहेगा। उन्होंने टैक्स, कमाई और बेहतर जीवन स्तर जैसे सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीयों को यह समझने की जरूरत है कि भारी टैक्स देने के बाद उन्हें बदले में क्या मिलता है।
ये भी पढे़ं: Shehzad Poonawalla ने Kangana Ranaut पर ये क्या कह दिया? कांग्रेस की सुप्रिया श्रीनेत के उड़ गए तोते!
अब क्या करेंगे शहजाद पूनावाला?
शहजाद पूनावाला के मुताबिक, उनका अगला कदम राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के बजाय अपने करियर और नए सोशल मीडिया इनिशिएटिव पर ध्यान देना है। वह 'द मेनिफेस्टो' के जरिए मिडिल क्लास से जुड़े मुद्दों को सामने लाने की तैयारी में हैं। हालांकि उन्होंने बीजेपी की विचारधारा का समर्थन जारी रखने की बात कही है, लेकिन फिलहाल पार्टी के प्रवक्ता या किसी आधिकारिक पद पर वापस लौटने का उनका कोई इरादा नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications
