शहजाद पूनावाला दोबारा इस्तीफा देने के बाद भी BJP को दे रहे बधाई, लोग बोले- ‘फिर पार्टी छोड़ी ही क्यों?’

शहजाद पूनावाला ने 17 अगस्त को भाजपा से दोबारा इस्तीफा भेजा, लेकिन उसी दिन उन्होंने पार्टी की नई टीम को बधाई भी दे दी। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर सवाल शुरू हो गया कि अगर पार्टी छोड़ने का फैसला इतना पक्का है, तो भाजपा के हर बड़े अपडेट पर इतना एक्टिव क्यों हैं। शहजाद पूनावाला ने भाजपा की नई टीम की तारीफ करते हुए कहा कि इसमें ऐसे कार्यकर्ता शामिल हैं, जो संगठन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

यही पोस्ट अब चर्चा में है। कुछ लोग उनसे कह रहे हैं कि पहले यह तय कर लें कि उन्हें पार्टी में रहना है या जाना है। हालांकि शहजाद पूनावाला की पूरी चिट्ठी और उनके बयानों को देखें तो तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है। वह संगठन छोड़ने की बात कर रहे हैं, लेकिन भाजपा की विचारधारा और नरेंद्र मोदी के प्रति अपना समर्थन खत्म करने की बात नहीं कर रहे।

Shehzad Poonawalla

इस्तीफे के बाद BJP की नई टीम को क्यों दी बधाई?

पूनावाला ने भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा, "भाजपा की नई टीम को मेरी बधाई। इसमें ऐसे समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो नितिन नबीन के संगठनात्मक नेतृत्व में नरेंद्र मोदी के संदेश और काम को आगे बढ़ाने में सक्षम हैं। टीम में अच्छा संतुलन दिखाई देता है।"

इस पोस्ट के बाद ही लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने पूछा कि जब आप पार्टी छोड़ रहे हैं, तो फिर भी पार्टी की टीम और संगठन के फैसलों पर इतनी दिलचस्पी क्यों दिखा रहे हैं। कुछ ने उन्हें सलाह दी कि पहले अपना फैसला साफ करें।

आखिर क्यों छोड़ रहे हैं भाजपा?

पूनावाला ने अपने इस्तीफे के पीछे आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला दिया है। उनका कहना है कि वह अब निजी क्षेत्र में अपने प्रोफेशनल करियर की तरफ लौटना चाहते हैं।

उन्होंने बताया कि वह 2024 से ही सक्रिय राजनीति से दूर जाने पर विचार कर रहे थे। इससे पहले वह सर्विस सेक्टर में नौकरी करते थे। राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने के लिए उन्होंने वह नौकरी छोड़ दी थी। उनके मुताबिक, कुछ समय बाद उनके सामने फिर वही सवाल आया कि नौकरी और राजनीति में से किसे चुना जाए।

पूनावाला ने कहा, "मैं 2024 से इस फैसले के बारे में सोच रहा था। मैंने अपनी नौकरी छोड़कर राजनीति को पूरा समय दिया। जब लगा कि अब नौकरी और राजनीति में से किसी एक को चुनना होगा, तो मैंने अपने प्रोफेशनल करियर में लौटने का फैसला किया।"

क्या BJP ने उन्हें रोकने की कोशिश की?

यह पहली बार नहीं है जब पूनावाला ने भाजपा छोड़ने की बात कही है। उन्होंने 30 जुलाई को भी पार्टी के पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की पेशकश की थी। लेकिन पार्टी ने उस समय उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उन्हें अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए कहा।

पूनावाला ने बताया कि उन्होंने काफी सोचने के बाद अब अपना फैसला अंतिम कर लिया है। उन्होंने दोबारा भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन को पत्र भेजकर इस्तीफा स्वीकार करने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों से मुक्त करने की अपील की है।

उन्होंने यह भी साफ किया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद कोई सैलरी वाली नौकरी नहीं है। उनके शब्दों में, "प्रवक्ता की जिम्मेदारी स्वैच्छिक होती है। मैंने काफी सोचने के बाद फैसला किया है और अब इस फैसले से पीछे नहीं हटूंगा।"

पार्टी छोड़ी, लेकिन मोदी से रिश्ता नहीं तोड़ा

यही इस पूरे मामले का सबसे अहम हिस्सा है। पूनावाला ने कहा है कि भाजपा छोड़ने का मतलब यह नहीं है कि वह पार्टी की विचारधारा या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने अपनी चिट्ठी में कहा, "मैं व्यवस्था से बाहर हो रहा हूं, लेकिन व्यक्ति और विचार से नहीं। जहां भी संभव होगा और जिस भी तरीके से संभव होगा, मैं प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के विजन और काम का समर्थन करता रहूंगा।"

उन्होंने मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन नबीन और बीएल संतोष समेत वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। पूनावाला ने कहा कि भाजपा ने पिछले पांच साल में उन्हें मंच और काम करने के कई मौके दिए।

'BJP में अपनी बात कहने की आजादी मिली'

पूनावाला ने भाजपा के साथ अपने अनुभव की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें अपनी राय रखने से कभी नहीं रोका। उन्होंने कहा, "भाजपा ने मुझे अपनी बात रखने से कभी नहीं रोका। जब भी कोई मतभेद या मुद्दा सामने आया, पार्टी ने बातचीत की। मैं अब सीधे संगठन के लिए काम नहीं करूंगा, लेकिन उसकी विचारधारा का समर्थन करता रहूंगा।"

यही वजह है कि उनका इस्तीफा किसी राजनीतिक टकराव की तरह नहीं दिख रहा। फिलहाल उनकी बातों से यही संकेत मिलता है कि वह फुल टाइम राजनीति छोड़कर अपने करियर में लौटना चाहते हैं, लेकिन भाजपा और मोदी के प्रति उनका समर्थन बरकरार रहेगा।

कांग्रेस से BJP तक कैसे पहुंचे पूनावाला?

38 वर्षीय वकील से राजनेता बने पूनावाला ने अपना राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू किया था। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के समय उन्होंने पार्टी के फैसले का विरोध किया और बाद में भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा में आने के बाद वह पार्टी के चर्चित राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में शामिल हुए। टीवी डिबेट, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष रखने में उनकी सक्रिय भूमिका रही। 2021 में उन्हें दिल्ली भाजपा के IT और सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई थी।

यानी पार्टी छोड़ने का फैसला उनके लिए सिर्फ पद छोड़ना नहीं है। वह उस राजनीतिक भूमिका से भी बाहर जा रहे हैं, जिसमें उन्होंने कई साल लगाए। लेकिन उनकी 17 अगस्त की बधाई वाली पोस्ट यह जरूर दिखाती है कि संगठन से दूरी और विचारधारा से दूरी को वह दो अलग चीजें मानते हैं।

अब सोशल मीडिया पर लोग भले ही पूछ रहे हों कि "जब पार्टी छोड़ ही दी तो फिर इतनी मोहब्बत क्यों?", लेकिन पूनावाला का जवाब उनकी चिट्ठी में पहले से मौजूद है। उनका कहना है कि वह भाजपा की 'व्यवस्था' छोड़ रहे हैं, 'व्यक्ति और विचार' नहीं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+