निधन के बाद Dilip Kumar के ट्विटर अकाउंट से पीएम मोदी के लिए आया पहला Tweet
मुंबई, 08 जुलाई। बॉलीवुड के लिए 7 जुलाई, 2021 की यह तारीख किसी ट्रेजडी से कम नहीं है, क्योंकि यही वह दिन है जब हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में 'ट्रेजडी किंग' के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार ने हम सभी को अलविदा कह दिया। पाकिस्तान के पेशावर में जन्मे दिलीप कुमार ने बीते बुधवार मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में अंतिम सांस ली, वह उम्र संबंधी दिक्कतों के चलते काफी समय से बीमार थे। दिलीप कुमार के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक पसर गया है।

पीएम मोदी ने की थी सायरा बानो से बात
98 वर्षीय भारत के महान अभिनेता दिलीप कुमार को खोने का झटका सिर्फ बॉलीवुड को ही नहीं, बल्कि राजनीति जगत को भी लगा। दुनियाभर से लोगों दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि दी इस बीच उनके निधन की खबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी गहरा दुख हुआ। उन्होंने ट्विटर के माध्यम से दिलीप कुमार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि तो दी ही, साथ ही साथ पीएम मोदी ने बुधवार की सुबह सायरा बानो से फोन पर बात भी की।

दिलीप कुमार के ट्विटर हैंडल से किया गया ट्वीट
इस बात की जानकारी गुरुवार को खुद दिलीप कुमार की पत्नी और एक्ट्रेस सायरा बानो ने दी है। दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार के ट्विटर हैंडल से 8 जुलाई को सायरा बानो ने एक ट्वीट पर पीएम मोदी का आभार जताया। दरअसल, पीएम मोदी ने दिलीप कुमार के निधन की खबर सुनकर सुबह-सुबह ही साहरा बानो को फोन कर शोक व्यक्त किया था। वहीं दिलीप साहब की अंतिम यात्रा के बाद सायरा बानो ने पीएम मोदी का धन्यवाद किया है।

सायरा बानो ने पीएम मोदी के ट्वीट पर दी प्रतिक्रिया
दिलीप कुमार के ट्विटर अकाउंट से सायरा बानो खान ने पीएम मोदी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आपने सुबह फोन कर सांत्वना दी।' सोशल मीडिया पर अब इस ट्वीट की खूब चर्चा हो रही है, कमेंट बॉक्स में फैस अपने प्यारे अभिनेता को याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। आपको बता दें कि दिलीप कुमार के निधन के बाद पाकिस्तान में भी उनके पुश्तैनी घर के सामने फैंस ने मोमबत्तियां जलाईं और गायबाना नमाज-ए-जनाजा (अंतिम संस्कार में होने वाली नमाज) पढ़ी।

पीएम मोदी ने ट्वीट में क्या लिखा?
दिलीप कुमार के निधन पर पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए अपने ट्वीट में लिखा था, 'दिलीप कुमार जी सिनेमैटिक लीजेंड के तौर पर जाने जाएंगे। वह बेहतरीन एक्टर थे, उन्होंने कई पीढ़ियों के दर्शकों का मनोरंजन किया। संस्कृति जगत के लिए उनका जाना बहुत बड़ी क्षति है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।' पीएमो मोदी ने ट्वीट करने से पहले सायरा बानो से फोन पर बात की थी और शोक व्यक्त किया था।

पाकिस्तान में हुआ जन्म
मालूम हो कि दिलीप कुमार का जन्म पेशावर के इसी पुश्तैनी मकान में 11 दिसंबर, 1922 को हुआ था। यहीं पर उनका बचपन भी बीता। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी ट्वीट कर दिलीप कुमार के निधन पर दुख जताया था। उन्होंने लिखा, 'दिलीप कुमार की निधन की खबर से दुख हुआ, मैं उनकी दरियादिली को नहीं भूल सकता। वह मेरी पीढ़ी के सबसे महान और बहुमुखी एक्टर थे।' पाकिस्तान में भी दिलीप कुमार के करोड़ों चाहने वाले हैं।
Thank you hon’ ble @PMOIndia Shri @narendramodi ji for your early morning gracious phone call and condolences. -Saira Banu Khan 🙏 https://t.co/85N7DYOL48
— Dilip Kumar (@TheDilipKumar) July 7, 2021
यह भी पढ़ें: 'दिलीप कुमार- हर अंदाज का अभिनेता', अमूल ने अपने कार्टून के जरिए दिग्गज एक्टर को दी श्रद्धांजलि












Click it and Unblock the Notifications