Video: चलती ट्रेन में चढ़ने वाले सावधान! प्लेटफार्म और रेल के बीच फंसा यात्री, RPF जवान ने ऐसे बचाया
पणजी। भारत में एक मशहूर कहावत है, 'जाको राखे साइयां मार सके ना कोय'। इसका जीता-जागता उदाहरण हाल ही में गोवा के एक रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला है। रेल मंत्रालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक दिल दहला देने वाला वीडियो शेयर किया गया है, जिसे देखने के बाद हर कोई ट्रेन में चढ़ते समय जरूर सावधानी बरतेगा। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन प्लेटफार्म से छूट चुकी है, तभी एक शख्स उसपर चढ़ने की कोशिश करता है। इस बीच उसका पैर फिसलता है और शख्स ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस जाता है।

गोवा के रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा
गोवा के वास्को रेलवे स्टेशन से सामने आए इस वीडियो को देखने के बाद कई लोगों ने दांतों तले अपनी उंगली दबा ली। हालांकि इस घटना में राहत की खबर यह है कि मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों की फुर्ती के चलते शख्स की जान बच जाती है। रेल मंत्रालय इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज ट्विटर पर शेयर कर यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि शख्स दौड़ते हुए चलती ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश कर रहा है।

ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच शख्स फंसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वीडियो में दिखाई दे रही ट्रेन वास्को-पटना एक्सप्रेस है जो हरी झंडी मिलने के बाद प्लेटफार्म से छूट चुकी है। इस बीच एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करता है, लेकिन तभी उसका पैर फिसल जाता है। शख्स प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच खाली जगह में फंस जाता है। इस दौरान ट्रेन के साथ-साथ कुछ दूर तक घसीटते हुए जाता है। शख्स की किस्मत अच्छी होती है कि वहां मौजूद एक आरएएफ जवान की नजर उसपर पड़ती है।

रेलवे ने यात्रियों से किया ये अनुरोध
आरपीएफकर्मी ने देखा और यात्री को बचाने के लिए उसकी तरफ भागा। उन्होंने समय रहते यात्री को प्लेटफार्म पर खींचकर उसकी जान बचा ली। इस हादसे का वीडियो शेयर करते हुए रेलवे ने कैप्शन में लिखा, 'वास्को स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों द्वारा बचाई गई शख्स की जिंदगी, वास्को स्टेशन पर एक यात्री चलती ट्रेन 02741 वास्को-पटना एक्सप्रेस पर चढ़ने की कोशिश की और प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया। यात्रियों से अनुरोध है कि वह चलती ट्रेन में सवार न हों। इससे आप अपना जीवन जोखिम में डाल सकते हैं।'
यह भी पढ़ें: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, अब रेलवे का होगा अब सिर्फ एक हेल्पलाइन नंबर, पहले से चल रहे नंबर होंगे बंद












Click it and Unblock the Notifications