Republic Day 2022: IAF के 75 विमानों का फ्लाई पास्ट, फाइटर पायलट की नजर से देखिए राजपथ
नई दिल्ली, 26 जनवरी: भारत आज अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर भारतीय वायुसेना ने 75 विमानों के साथ भव्य फ्लाई पास्ट करके जो ग्रैंड फिनाले किया है, उसने इस राष्ट्रीय समारोह में चार चांद लगा दिया है। हम यहां आपको इस ग्रैंड फिनाले का शानदार वीडियो भी दिखा रहे हैं, साथ ही साथ फाइटर पायलट को कॉकपिट से अपने राजपथ का नजारा कैसा दिखता है, उससे भी आपको रूबरू करवाने जा रहे हैं। इस बार का गणतंत्र दिवस समारोह इसलिए भी अहम है, क्योंकि देश अपनी आजादी का 75वां सालगिरह मना रहा है और इस अवसर पर भारत में 'आजादी का अमृत महोत्सव' चल रहा है।

कोविड के साए में भव्य गणतंत्र दिवस परेड
गौरतलब है कि यह लगातार दूसरा गणतंत्र दिवस है, जो कोविड महामारी के साए में मनाया जा रहा है। इसलिए राजपथ पर सख्त कोरोना प्रोटोकॉल के चलते महज, 5,000 लोगों के ही शामिल होने की व्यवस्था की गई थी। जो लोग भी इस समारोह में शामिल हुए उनमें व्यस्कों के लिए कोविड वैक्सीन की दोनों और 15 साल से ऊपर के बच्चों को सिंगल डोज लगा होना अनिवार्य था। महामारी की वजह से इस साल कोई भी विदेशी कंटींजेंट शामिल नहीं किया गया।
लेफ्टिनेंट जनरल विजय कुमार मिश्रा ने परेड की अगुवाई की
राजपथ पर परेड इस बार 10.30 बजे यानी सामान्य से करीब आधे घंटे देर से शुरू हुआ, ताकि विजिबिलिटी की समस्या दूर हो सके। परेड समारोह के आधिकारिक शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति के हाथों राजपथ पर तिरंगा फहराए जाने और 21 तोपों की सलामी के बाद लेफ्टिनेंट जनरल विजय कुमार मिश्रा की अगुवाई में राष्ट्रीय परेड की शुरुआत हुई।
आसमान में छाया रहा भारतीय वायुसेना का दम
आजादी के अमृत महोत्सव की भावना से इंडियन एयर फोर्स के 75 विमानों के फ्लाई-पास्ट से पहले भारतीय वायुसेना ने अपने तरह-तरह के लड़ाकू विमानों और हेलिकॉप्टरों का अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर राजपथ पर मौजूद विशिष्ट जनों और नागरिकों का मन मोह लिया।
हेलीकॉप्टर से राजपथ का नजारा
301 आर्मी एविएशन स्पेशल ऑपरेशन स्कार्डन के कर्नल सुदिप्तो चाकी की अगुवाई में राष्ट्र ध्वज के साथ दो ध्रुव हेलिकॉप्टरों और दो एएलएच रूद्र हेलिकॉप्टरों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके कॉकपिट से राजपथ का नजारा देखा जा सकता है।
5 राफेल विमानों का 'विनाश' फॉर्मेशन
इसी तरह 5 राफेल विमानों ने गणतंत्र दिवस परेड में ऐरोहेड फॉर्मेशन के तहत 'विनाश' फॉर्मेशन प्रदर्शित किया।
फाइटर पायलट की नजर से देखिए राजपथ
लेकिन, जब भारतीय वायुसेना के सात अलग-अलग लड़ाकू विमानों ने 'बाज' फॉर्मेशन बनाया तो कॉकपिट से जो राजपथ का नजारा दिखा, वह अद्भुत था। इसमें एक राफेल, दो जगुआर, दो मिग-19 यूपीजी, दो एसयू-30 एमई विमान शामिल हुए।
ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सी-130जे सुपर हरक्यूलस भी शामिल
राजपथ पर प्रदर्शन करने वाले इंडियन एयरफोर्स के विमानों में ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सी-130जे सुपर हरक्यूलस भी शामिल हुए। राजपथ का नजारा सुंदर और स्पष्ट दिखे इसके लिए अलग-अलग विमानों के कॉकपिट में कैमरे लगाए गए थे।
75 विमानों के साथ फ्लाई-पास्ट
लेकिन, क्लाइमेक्स रहा गणतंत्र दिवस का ग्रैंड फिनाले, जिसमें इंडियन एयरफोर्स के 75 विमान फ्लाई-पास्ट में शामिल हुए। यह भव्य फ्लाई-पास्ट चार एमआई-17 विमानों के साथ 'ध्वज' के गठन से शुरू हुआ और आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 'अमृत' फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए 17 जगुआर लड़ाकू विमानों के साथ संपन्न हुआ।












Click it and Unblock the Notifications