RBI Monetary Policy: रेपो रेट नहीं बढ़ा, होम लोन से रियल एस्टेट तक आम आदमी को कैसे मिलेगा फायदा?
RBI Monetary Policy: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने फरवरी की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट को 5.25% पर बरकरार रखने का फैसला किया है। यह फैसला ऐसे समय पर आया है, जब महंगाई के मोर्चे पर हालात काबू में दिख रहे हैं और वित्त वर्ष 2026 के लिए महंगाई दर 2.1% रहने का अनुमान है।
RBI के इस कदम को नीति स्थिरता की दिशा में अहम माना जा रहा है, जिसका सीधा फायदा रियल एस्टेट सेक्टर, होम लोन ग्राहकों, निवेशकों और आम उपभोक्ताओं को मिलने की उम्मीद है।

Repo Rate Unchanged Real Estate Sector: रियल एस्टेट सेक्टर को क्यों मिली राहत?
रियल एस्टेट इंडस्ट्री के लिए ब्याज दरों में स्थिरता बेहद अहम मानी जाती है। तीर्थ रियल्टीज के मैनेजिंग डायरेक्टर विजय रौंदल का कहना है कि रेपो रेट को स्थिर रखकर RBI ने कैपिटल-इंटेंसिव सेक्टर्स को जरूरी स्पष्टता दी है। पिछले कुछ समय में हुई ब्याज दरों में कटौती का असर अब दिखने लगा है, खासकर एंड यूजर्स की डिमांड में।
उनके मुताबिक, PMAY 2.0 जैसी योजनाओं के चलते टियर-2 शहरों में घर खरीदने वालों की संख्या बढ़ रही है। ब्याज दरें स्थिर रहने से बैंक ज्यादा प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस कर पाएंगे, जिससे न सिर्फ निर्माण गतिविधियां तेज होंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
Home Loan Interest Rate: होम लोन सस्ते रहेंगे, खरीदारों का भरोसा मजबूत
गोयल गंगा डेवलपमेंट्स के डायरेक्टर अनुराग गोयल का मानना है कि RBI का यह फैसला दर्शाता है कि महंगाई पर नियंत्रण को लेकर केंद्रीय बैंक को भरोसा है। रेपो रेट स्थिर रहने से होम लोन की अफोर्डेबिलिटी बनी रहेगी, खासकर टियर-2 और उभरते शहरों में रहने वाले खरीदारों के लिए।
उनका कहना है कि इससे डेवलपर्स को भी अपने निवेश और बिक्री की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। बाजार में लिक्विडिटी बनी रहने से कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स के लिए फंड जुटाना आसान होगा और रियल एस्टेट में जरूरत से ज्यादा सट्टेबाजी से भी बचाव रहेगा।
Repo Rate ना बढ़ने से टियर-2 शहरों में बढ़ेगी मांग
RPS ग्रुप के डायरेक्टर शशांक गुप्ता के अनुसार, रेपो रेट को 5.25% पर बनाए रखना नीति स्थिरता का संकेत है। बीते एक साल में ब्याज दरों में हुई कटौती का असर अब टियर-2 शहरों में साफ दिख रहा है, जहां घर खरीदने में लोगों की रुचि बढ़ी है।
स्थिर ब्याज दरों से लग्ज़री और मिड-इनकम हाउसिंग सेगमेंट दोनों में बेहतर प्लानिंग संभव हो पाती है। साथ ही, डेवलपर्स के लिए फंड की उपलब्धता आसान होती है। यह फैसला सरकार के शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के विज़न के भी अनुरूप है, जिससे रियल एस्टेट सेक्टर की दीर्घकालिक और टिकाऊ ग्रोथ को बल मिलेगा।
आम लोगों और निवेशकों को क्या फायदा?
पर्सनल फाइनेंस के नजरिए से देखें तो यह फैसला आम लोगों के लिए भी राहत भरा है। विभवंगल अनुकूलकारा प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर सिद्धार्थ मौर्य के मुताबिक, रेपो रेट स्थिर रहने से होम लोन और अन्य कर्जों की EMI में कोई बदलाव नहीं होगा।
इससे उपभोक्ता अपने वित्तीय प्लान को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं। लोन प्री-पेमेंट की योजना पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा। साथ ही, फिक्स्ड डिपॉजिट जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों में रुचि बढ़ सकती है। उनका मानना है कि इस समय ज्यादा जोखिम लेने के बजाय संतुलित और सुरक्षित निवेश रणनीति अपनाना बेहतर रहेगा।
RBI का यह फैसला एक संतुलित और सतर्क रुख को दर्शाता है। रेपो रेट में स्थिरता से न सिर्फ रियल एस्टेट और हाउसिंग सेक्टर को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी आर्थिक योजना बनाने का भरोसा मिलेगा। आने वाले महीनों में यदि महंगाई नियंत्रित रहती है और सरकारी पूंजीगत खर्च जारी रहता है, तो यह नीति देश की आर्थिक वृद्धि, आवास और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए मजबूत आधार साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications