Ram Mandir: रामनवमी पर 4 मिनट तक रामलला का 'सूर्य तिलक', देखिए अद्भुत नजारा
Ram Mandir: रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या नगरी पूरी तरह से भक्ति और उल्लास में डूबी हुई है। इस साल का उत्सव बेहद खास है क्योंकि यह राम मंदिर में रामलला की प्रतिष्ठा के बाद दूसरी रामनवमी है। पूरे शहर में एक अलौकिक और दिव्य माहौल बना हुआ है।
देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक मौके पर प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव में शामिल होने अयोध्या पहुंचे हैं। सड़कों, मंदिरों और हर चौराहे को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। हर कोना राममय हो उठा है, और भक्ति की धारा हर दिशा में बह रही है।

रामलला का हुआ विशेष अभिषेक और श्रृंगार
सुबह 9:30 बजे से भगवान रामलला का विशेष अभिषेक शुरू हुआ, जो एक घंटे तक चला। इसके बाद रामलला का भव्य श्रृंगार किया गया। 10:30 बजे से 11:30 बजे तक श्रृंगार के बाद रामलला को 56 प्रकार के भोग लगाए गए।
ये भी पढ़ें: कौन हैं साध्वी लक्ष्मीदास? जिन पर लगा राममंदिर के लिए 1 करोड़ देने वाले महंत के खाते से 90 लाख निकालने का आरोप
दोपहर 12 बजे सूर्य तिलक का आयोजन
जैसे ही दोपहर के 12 बजे, राम जन्म का समय हुआ, रामलला के ललाट पर सूर्य की किरणों से तिलक किया गया। इसे सूर्य तिलक कहा जाता है। यह पूरा प्रयोग वैज्ञानिक तकनीक से किया गया है, जिसे इसरो के वैज्ञानिकों की मदद से तैयार किया गया है। यह दृश्य लगभग 4 मिनट तक चला और इसका सीधा प्रसारण टीवी और LED स्क्रीन के माध्यम से दुनियाभर में किया गया।
अयोध्या में दिखी सांस्कृतिक भव्यता
राम मंदिर के अलावा अयोध्या के सभी मंदिरों और प्रमुख स्थानों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। शहर के हर कोने पर भक्ति और संस्कृति की छाप नजर आ रही थी। इस मौके पर अंगद टीला पर रामकथा, श्रीरामचरितमानस और वाल्मीकि रामायण का पाठ भी हुआ।
एक लाख श्रीराम मंत्रों का जाप और हवन
राम जन्मभूमि परिसर में 10 विद्वान पंडितों द्वारा एक लाख श्रीराम मंत्रों का जाप किया जा रहा है। इसके साथ ही हर दिन तीन घंटे तक हवन किया जा रहा है, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बन गया है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पानी की बोतलें, पेयजल केंद्र, कूलर, टेंट और छांव की व्यवस्था की गई है। हनुमानगढ़ी के पास टेंपरेरी टेंट लगाए गए हैं, जिससे लोगों को धूप से राहत मिले। जगह-जगह मैट बिछाए गए हैं ताकि ज़मीन की गर्मी से बचा जा सके।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
रामनवमी पर अनुमानित 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और निकासी की खास व्यवस्था की है। गेट नंबर 3 को निकासी द्वार बनाया गया है और शहर भर में LED स्क्रीन और वैन के माध्यम से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है।
रामनवमी पर अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक भव्यता देखने लायक है। श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव में शामिल होकर आनंदित हो रहे हैं और अयोध्या की इस ऐतिहासिक घड़ी का हिस्सा बन रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Ram Navami 2025 Do-Donts: आज भूलकर भी ना करें ये काम वरना नाराज हो जाएंगे भगवान राम












Click it and Unblock the Notifications