यात्रीगण कृपया ध्यान दें: उम्मीदों के ट्रैक पर आज प्रभु भरोसे रेल बजट
नई दिल्ली। आज दिन के 12 बजे रेल मंत्री सुरेश प्रभु संसद में रेल बजट पेश करेंगे, प्रभु के रेल बजट से हर इंसान को बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं। बीजेपी सरकार को 9 महीने पूरे हो चुके हैं इसलिए हर किसी को उम्मीद है कि आज का रेल बजट विकास को जन्म देगा इसलिए हर किसी के मन में यह सवाल घूम रहा है कि क्या आज के रेल बजट में रेल का किराया बढ़ेगा या घटेगा? नई रेलों की घोषणा होगी? सुरक्षा के लिए रेलवे क्या करने वाला है? क्या बनारस रेलवे स्टेशन में कुछ नया होगा?
वैसे बिहार का चुनाव साल के आखिर में है इसलिए हो सकता है कि सरकार रेल का किराया ना घटाये और ना ही बढ़ाये। रेल किराया बढ़ने की उम्मीद ना के बराबर है लेकिन डीजल के दामों की कमी को देखते हुए यह कयास लगाये जा रहे थे कि शायद रेल किराया कम कर दिया जाये लेकिन स्वच्छता का हवाला देते हुए शायद किराया कम नहीं होगा।
मोदी सरकार के रेल बजट से उप्र को काफी उम्मीदें
भारतीय रेलवे को सबसे अधिक आय देने वाले देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को मोदी सरकार के दूसरे रेल बजट से काफी उम्मीदें हैं। उप्र के वाराणसी से सांसद चुने गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की रेल काशी तक पहुंचने की उम्मीदें सभी कर रहे हैं और आशा है कि इस बार के रेल बजट में उप्र के लिए काफी कुछ होगा।
रेलवे को सबसे अधिक आय यूपी देता है
उप्र देश का सबसे बड़ा राज्य होने के नाते रेलवे को सबसे अधिक आय भी देता है लेकिन उप्र में कई रेलवे स्टेशन ऐसे हैं जहां अभी भी सुविधाओं टोटा जैसा है। कहीं स्टेशनों पर बैठने की जगह नहीं है तो कई रेलवे स्टेशनों पर आवश्यकता के अनुसार प्लेटफार्म नहीं हैं। लम्बे समय बाद पहली बार चूंकि पूर्वाचल से कोई रेल राज्य मंत्री बना है इसलिए उम्मीद है कि पूर्वाचल के उन जिलों तक भी रेल का पहिया पहुंचेगा जहां तक अब तक नहीं पहुंच सका है। गाजीपुर, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया सहित कई जिलों में अब तक डबल लाइन का अभाव है।
रेल बजट से बिहार को बड़ी उम्मीदें
तो वहीं बिहार के लोगों को केंद्र सरकार के रेल बजट से बहुत उम्मीदें हैं। उन्हें नई रेलगाड़ियों की, स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की और अटकी पड़ी रेल परियोजनाओं के जल्द पूरा होने की आस है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने मंगलवार को भागलपुर में यह कहकर बिहार की जनता की उम्मीदें बढ़ा दी है कि केंद्र सरकार के रेल बजट में बिहार को कई तोहफे मिलने वाले हैं। वैसे भी यहां साल के अंत में चुनाव होने वाले हैं ऐसे में हो सकता है कि इस बार रेल बजट में बिहार के लिए बहुत कुछ हो।













Click it and Unblock the Notifications