राहुल-तेजस्वी की 'वोटर अधिकार यात्रा' पहुंची सीतामढ़ी, मां जानकी का आशीर्वाद लेकर बढ़ा काफिला
Rahul Gandhi-Tejashwi Yadav: बिहार की राजनीति में हलचल मचाने वाली 'वोटर अधिकार यात्रा' अब सीतामढ़ी पहुंच गई है। यात्रा के 12वें दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीतामढ़ी के प्रसिद्ध जानकी मंदिर में माता सीता की पूजा-अर्चना की। जैसे ही दोनों नेता मंदिर पहुंचे, वहां मौजूद भीड़ में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में जयकारे गूंजने लगे और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
पूजा के बाद दोनों नेताओं ने यात्रा को आगे बढ़ाया, जबकि कांग्रेस ने मंदिर में हुई पूजा की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कर इस यात्रा को जनता से जोड़ने की कोशिश की। इस दौरान पप्पू यादव भी राहुल-तेजस्वी के साथ नजर आए। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

सुबह मंदिर में की पूजा
गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा की। पूजा के बाद दोनों नेताओं ने यात्रा को आगे बढ़ाया। जानकी मंदिर में पूजा की तस्वीरें कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की गई हैं।
ये भी पढ़ें: Voter Adhikar Yatra: अचानक बदला यात्रा का प्लान! पटना में रैली नहीं अब सड़क पर ताकत दिखाएंगे राहुल-तेजस्वी
राहुल गांधी ने 'वोट चोरी' को लेकर लगाया बड़ा आरोप
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में छोटे बच्चे तक उनके कान में कह रहे हैं कि नरेंद्र मोदी वोट चुराते हैं। राहुल ने दावा किया कि कर्नाटक में उन्होंने सबूत के साथ दिखाया है कि बीजेपी ने वोट चोरी की थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले उन्होंने कभी यह आरोप नहीं लगाया था, लेकिन अब कर्नाटक के सबूत सामने हैं। राहुल ने यह भी कहा कि आने वाले समय में लोकसभा और हरियाणा चुनाव के सबूत भी पेश किए जाएंगे, जिससे साबित होगा कि बीजेपी और आरएसएस वोट चोरी कर चुनाव जीतते हैं।
#WATCH | Sitamarhi, Bihar: Lok Sabha LoP and Congress MP Rahul Gandhi says, "You have put all your strength into this journey. Small children are coming, they are saying in my ear that Narendra Modi steals votes. In Karnataka, we have shown by giving proof that the BJP has stolen… pic.twitter.com/WIkJ0XjQ8q
— ANI (@ANI) August 28, 2025
कांग्रेस नेताओं का दावा
ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने इस मौके पर कहा कि जैसे अयोध्या में भगवान राम ने कांग्रेस का साथ दिया, वैसे ही सीतामढ़ी में माता सीता भी साथ देंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश की, लेकिन नतीजा यह रहा कि वे अयोध्या सीट भी हार गए।
बीजेपी पर मंदिर राजनीति का आरोप
अलका लांबा ने बीजेपी पर भी निशाना साधा और कहा कि बिहार में जानकी मंदिर का निर्माण केवल वोट के लिए किया जा रहा है और इसका प्रचार-प्रसार राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है।
16 दिनों में 1,300 किमी की यात्रा
'वोटर अधिकार यात्रा' 16 दिनों में 1,300 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी और बिहार के 20 से ज्यादा जिलों में जाएगी। यह यात्रा सासाराम से शुरू हुई थी और 1 सितंबर को पटना में खत्म होगी।
बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना
राहुल गांधी ने इस यात्रा को "वोट चोरी" के खिलाफ एक संवैधानिक लड़ाई बताया है। उनका आरोप है कि बीजेपी और चुनाव आयोग एसआईआर प्रक्रिया के जरिए बिहार के मतदाताओं के अधिकार छीनने की कोशिश कर रहे हैं।
पटना में होगा समापन
सीतामढ़ी पहुंचने के बाद यह यात्रा पश्चिमी चंपारण, सारण और भोजपुर होते हुए पटना पहुंचेगी। बताया जा रहा है कि 1 सितंबर को रैली की जगह पटना मार्च का आयोजन होगा, जिसमें महागठबंधन के बड़े नेता भी शामिल होंगे और विभिन्न स्थानों से लोगों को संबोधित करेंगे।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में नेता लगा रहे थे नारे 'वोट चोर गद्दी छोड़', पॉकेटमारों ने काट ली जेब












Click it and Unblock the Notifications