राहुल गांधी का पीएम मोदी से सवाल- 'हजारों किलोमीटर जमीन चीन को सौंप दी...वापस कब लेंगे'
नई दिल्ली, 2 अगस्त: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक अखबार की खबर के बहाने एकबार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार ने भारत की हजारों वर्ग किलोमीटर जमीन चीन को सौंप दी है। उन्होंने सवाल किया है कि यह जमीन आखिर हमें वापस कब मिलेगी। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधने के लिए 'द टेलीग्राफ' की एक खबर का हवाला दिया है, जिसमें दावा किया गया है कि पिछले साल से करीब 1,000 वर्ग किलोमीटर भारतीय जमीन चीन के कब्जे में है।
Recommended Video

राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला
द टेलीग्राफ ने खबर दी है कि भारत और चीन के बीच 12वीं दौर की सैन्य बातचीत बिना किसी 'कामयाबी' के खत्म हुई है। अखबार में दावा किया गया है कि लद्दाख में तनाव वाली जगहों से सेना के वापस हटाने को लेकर चीन की सेना अपने कदम पीछे खींच रही है, जिसको लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं बढ़ रही हैं। यही नहीं अखबार ने दावा किया है कि पिछले साल मई से लद्दाख में भारत और चीन के बीच कई स्थानों पर तकरार के बाद से 'लगभग 1,000 वर्ग किलोमीटर से ज्यादा भारतीय दावे वाला क्षेत्र चीन के कब्जे में चला गया है।'

'हजारों किलोमीटर जमीन चीन को सौंप दी...वापस कब लेंगे'
इसी खबर का स्क्रीन शॉट लगाते हुए राहुल ने ट्वीट किया है, 'श्री मोदी और उनके चापलूसों ने हजारों किलोमीटर भारतीय भूमि चीन को सौंप दी है। हम इसे वास्तव में कब वापस ले रहे हैं?'
बता दें कि पूर्वी लद्दाख के पैंगोंग त्सो और गलवान घाटी इलाकों से भारत और चीन की सेनाएं पहले ही वापस हो चुकी हैं। लेकिन, गोगरा हाइट्स और हॉट स्प्रिंग इलाकों में अभी तनाव की स्थिति बनी हुई है और सैन्य कोर कमांडर स्तर पर हाल में हुई बातचीत में इन्हीं बिंदुओं पर चर्चा की गई है। पहले मीडिया रिपोर्ट्स यही आए हैं कि लंबी चली यह बातचीत सकारात्मक रही है।












Click it and Unblock the Notifications