Rahul Gandhi ने मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर बोला हमला, 'न जवाबदेही, न बदलाव, सिर्फ प्रचार'
Rahul Gandhi News: मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश के सामने अपनी उपलब्धियां गिनाई हैं। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 11 सालों में देश के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। दूसरी ओर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने लिखा कि मोदी सरकार के पिछले 11 साल सिर्फ प्रचार में बीते हैं। उन्होंने मुंबई में लोकल ट्रेन से लोगों के गिरने की खबर का हवाला देते हुए कहा कि देश की हकीकत सामने आ रही है।
Rahul Gandhi ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल गांधी ने मोदी सरकार के 11 सालों के जश्न पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के सामने हकीकत आ गई है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'जब मोदी सरकार 11 साल की "सेवा" का जश्न मना रही है, तब देश की हकीकत मुंबई से आ रही दर्दनाक ख़बर में दिखती है - ट्रेन से गिरकर कई लोगों की मौत।' इस पोस्ट में उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय रेल करोड़ों की ज़िंदगी की रीढ़ है, लेकिन आज असुरक्षा, भीड़ और अव्यवस्था की प्रतीक बन चुकी है। मोदी सरकार के 11 साल = न जवाबदेही, न बदलाव, सिर्फ़ प्रचार।

यह भी पढ़ें: Modi Government 11 Yrs: मोदी सरकार के पूरे हुए 11 साल, आर्टिकल 370, तीन तलाक समेत ये रहे चर्चित फैसले
उन्होंने पीएम मोदी के मिशन 2047 पर हमला बोलते हुए कहा कि आज सरकार 2025 पर बात करना छोड़, अब 2047 के सपने बेच रही है। देश आज क्या झेल रहा है, ये कौन देखेगा? मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बता दें कि मुंबई में लोकल ट्रेन हादसे में 8 लोगों के मारे जाने की खबर है।
बीजेपी अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिनाई सरकार की उपलब्धियां
मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की की राह पर चल रहा है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि बैंक खातों और जनधन खातों के जरिए देश के अंतिम नागरिक तक आज सुविधाएं पहुंच रही हैं। बीजेपी अध्यक्ष ने आर्टिकल 370 खत्म करने और तीन तलाक जैसे फैसलों को ऐतिहासिक करार दिया है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी की ओर से सरकार के 11 सालों के जश्न पर निशाना साधा जा रहा है। रविवार को दिल्ली में महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन भी किया था।
यह भी पढ़ें: Delhi News: यूथ कांग्रेस का दिल्ली में मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, जानें किस मुद्दे पर हुआ सड़क पर संग्राम












Click it and Unblock the Notifications