पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने पर प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर कसा तंज, कहा- यह दिल से नहीं डर से लिया गया फैसला
पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटाने पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर तंज कसा है
नई दिल्ली, 4 नवंबर। पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटाने पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर तंज कसा है। बता दें कि सरकार ने दिवाली के मौके पर आमजन को राहत देते हुए पेट्रोल पर 5 और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी घटाने का फैसला किया है और नई कीमत आज से ही लागू होगी। मोदी सरकार के इस फैसले पर तंज कसते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार ने डर की वजह से पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती की है। एक ट्वीट कर उन्होंने कहा, 'यह दिल से नहीं डर से लिया गया फैसला है। वसूली सरकार को आने वाले चुनावों में इस लूट का जवाब मिलेगा।'
Recommended Video

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में देश में ईंधन की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। कई राज्यों में पेट्रोल के दाम अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। कोरोना काल में तेल के बढ़ते दामों ने आमजन की कमर तोड़ने का काम किया, लेकिन अब सरकार ने दामों को घटाने का फैसला किया है। नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल 110 रुपए से घटकर 105 रुपए पर आ जाएगा, जबकि डीजल 98 रुपए से घटकर 88 रुपए लीटर पर आ जाएगा। केंद्र ने राज्यों से दरों में और कमी करने का आग्रह किया है, जिसके बाद कई राज्यों ने ईंधन की दरों में कमी की घोषणा की।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में कोरोना के 41 नए मामले दर्ज, 12वें दिन किसी भी मरीज की मौत नहीं
सुरजेवाला ने करार दिया जुमलानॉमिक्स
इससे पहले कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए इसे जुमलानॉमिक्स करार दिया था। सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, 'पहले 2021 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 28 और 26 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दो और उसके बाद 5 और 10 रुपये घटा दो क्या इसे दिवाली का गिफ्ट करें।'
तेल के बढ़ते दामों पर लगातार हमलावर रहा विपक्ष
बता दें कि विपक्ष तेल के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर रहा है। नतीजतन सरकार को दवाब में आकर यह फैसला लेना पड़ा है। वहीं विपक्ष सरकार के इस फैसले को चुनावी स्टंट करार दे रहा है। इसके अलावा विपक्ष का कहना है कि कुछ राज्यों में हाल ही में आए उपचुनाव के नतीजों ने केंद्र को हिला दिया है, जिसकी वजह से सरकार को ये फैसला लेना पड़ा।
अशोक गहलोत ने की और कटौती करने की मांग
वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार से उत्पाद शुल्क में और कटौती करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा उत्पाद शुल्क में कमी के साथ, राज्यों द्वारा लगाया गया वैट उसी अनुपात में स्वत: ही कम हो जाता है। हम मांग करते हैं कि केंद्र को महंगाई कम करने के लिए उत्पाद शुल्क में और कटौती करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications