उदयपुर की घटना पर राजसमंद में तनाव, कई पुलिसकर्मी घायल
उदयपुर की घटना को लेकर राजस्थान के जिले में बुधवार को तनाव फैल गया। यहां हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी (police constable) घायल हो गए हैं। यह घटना भीम कस्बे में हुई।
राजसमंद, 29 जून : राजस्थान के उदयपुर में एक दर्जी की दुकान में घुसकर दिन-दहाड़े गला काटकर हत्या कर देने की घटना के बाद देशभर में गम और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, हत्यारे कपड़ा सिलवाने के बहाने कन्हैयालाल दर्जी के पास आए थे और जब दर्जी नाप लेने लगा तो खंजर से उसे मार डाला। वहीं,उदयपुर हत्याकांड को लेकर आज राजसमंद के भीम इलाके में विरोध प्रदर्शन हुआ। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान कई पुलिस वाले घायल हो गए हैं।

कांस्टेबल घायल
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को संवेदनशील इलाकों की ओर जाने से रोकने के लिए हवाई फायरिंग और लाठी चार्ज का सहारा लिया। इस दौरान पथराव भी हुआ। खबर के मुताबिक इस दौरान किसी व्यक्ति ने कथित तौर पर एक धारदार वस्तु से हमला कर एक कांस्टेबल (police constable) को घायल कर दिया।
कन्हैयालाल का अंतिम संस्कार हुआ
बता दें कि, आज दर्जी कन्हैयालाल का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान उनके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। जानकारी के मुताबिक, मौके पर हजारों लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई थी। कन्हैयालाल की पत्नी ने रोते हुए कहा कि हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए, नहीं तो ये लोग कई लोगों को मारेंगे। उसी तरह कन्हैयालाल के बेटों ने भी हत्यारों को फांसी की सजा की मांग की। उन्होंने कहा कि, हम चाहते हैं या तो उनका (हत्यारों का) एनकाउंटर हो जाए या उन्हें फांसी पर लटका दिया जाए। ऐसा किसी और के साथ न हो, इसलिए हत्यारों में डर पैदा करने की जरूरत है।
लोगों में रोष का माहौल
कन्हैयालाल की हत्या की वारदात के बाद से ही हिंदू संगठनों की ओर से 'हत्यारों को फांसी दो' के नारे लगाए जा रहे हैं। मंगलवार को कन्हैयालाल की हत्या कर दी गई थी। बाद में पोस्टमॉर्टम के बाद उनका शव घर ले जाया गया जहां बुधवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। शहर में कर्फ्यू लगा होने के बावजूद उनकी अंतिम यात्रा में भारी भीड़ जुटी।












Click it and Unblock the Notifications