डिफेंस एक्सपो का उद्घाटन कर बोले PM मोदी, 'ये नए भारत की तस्वीर, दुनिया में बढ़ रहा देश का कद'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं। उन्होंने गुजरात की राजधानी गांधीनगर में आयोजित डिफेंस एक्सपो 2022 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि साथियों इससे पहले भी हमारे देश में डिफेंस एक्सपो होते रहे हैं, लेकिन इस बार का एक्सपो अभूतपूर्व है। क्योंकि यह पहली बार है, जब डिफेंस एक्सपो में सिर्फ भारतीय कंपनियां भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि आज पहली बार है कि हम अपनी देश की मिट्टी, देश के वैज्ञानिकों के प्रयास और देश के लोगों के पसीने से बने उत्पादों का परिचय पूरी दुनिया को दे रहे हैं।
Recommended Video

पीएम मोदी ने कहा कि इस एक्सपो में 1300 से ज्यादा एग्जीविटर्स हैं, जिसमें भारतीय उद्योग हैं और उनसे जुड़े हुए ज्वाइंट वेंचर्स हैं। इसके अलावा कई सारे MSME और 100 से ज्यादा स्टार्टअप हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज इस एक्सपो में देश के लोगों के साथ दुनिया के लोग भी हमारी क्षमता और सामर्थ्य को देख रहे हैं। इन्हीं संभावनाओं को साकार करने के लिए पहली बार 450 से ज्यादा MOUs साइन किए जा रहे हैं। उन्होंने कि कहा ये कार्यक्रम हम पहले भी करना चाहते थे, लेकिन कुछ परिस्थितियों की वजह से इसमें देरी हुई।
लेकिन आज हम कार्यक्रम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज इस कार्यक्रम में विदेशों के उद्योगपति और एक्सपर्ट भी शामिल हुए हैं। इस एक्सपो के जरिए एक नए भारत का उदय हो रहा है। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मैं जानता हूं कि इस कार्यक्रम को लेकर कई देशों को बुरा भी लगा है। बावजूद इसके विभिन्न देशों के लोग नई सोच और पॉजिटिव ऊर्जा के साथ यहां उपस्थित हुए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि हमें खुशी है कि जब भारत पूरी दुनिया को नया आयाम दे रहा है, तब 53 से अधिक अफ्रिकन देश कंधे-कंधे से कंधा मिलाकर एक साथ आए हैं। इस अवसर पर दूसरा इंडिया-अफ्रीका संबंध भी आरम्भ होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि अफ्रिकन देशों के साथ भारत का संबंध पुराने समय से है और यह समय के साथ और मजबूत होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अफ्रिकन देशों के साथ गुजरात का पुराना संबंध रहा है। अफ्रीका में जब पहली ट्रेन चली थी, तो गुजरात के कामगारों ने बड़ी भूमिका निभाई थी। आज भी अफ्रीका जाएंगे तो वहां दुकान शब्द कॉमन है। यह शब्द वहां पर गुजरातियों ने ही दिया। यही वजह है कि अफ्रीका के साथ भारत का अपनापन है।
पीएम मोदी ने कहा कि जब पूरी दुनिया कोरोना से परेशान थी, तब हमने अफ्रिकन देशों को वैक्सीन पहुंचाई और उनकी मदद की। उन्होंने कहा कि ये डिफेंस एक्सपो वैश्विक स्तर पर भारत के विश्वास का प्रतीक भी है। इस मौके पर पीएम मोदी ने सभी देशों से उपस्थित हुए प्रतिनिधियों का भी आभार जताया।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर वैश्विक व्यापार तक, मैरीटाइम सिक्योरिटी एक ग्लोबल प्राथमिकता बनकर उभरा है। ग्लोबलाइजेशन के दौर में मर्चेंट नेवी की भूमिका का विस्तार हुआ है। यही वजह है कि दुनिया में भारत की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। इसलिए यह डिफेंस एक्सपो भारत के प्रति वैश्विक विश्वास का भी एक प्रतीक है।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने बनासकांठा और पाटन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बनासकांठा आज के दौर में सौर ऊर्जा का सबसे बड़ा उत्पादक है। इसकी पहचान विदेशों में भी होती है। लेकिन आने वाले समय में यह वायुशक्ति का भी केंद्र बनेगा। साथियों किसी भी सशक्त राष्ट्र के लिए भविष्य में सुरक्षा के मायने क्या होंगे। स्पेस टेक्नोलॉजी इसका बहुत बड़ा उदाहरण है। तीनों सेनाओं की तरफ से इस क्षेत्र में काम किया जा रहा है। भारती स्पेस टेक्नोलॉजी आज नई परिभाषा गढ़ रही है। भारत इसको अफ्रिकन कंट्री के साथ भी शेयर कर रहा है। भारत असियान देशों को भी इसका एक्सेस देगा। भारत के सेटेलाइट डाटा का प्रयोग आज यूरोपियन कंट्री भी कर रही हैं। इससे समुद्री व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि हम दुनिया के 75 से ज्यादा देशों को रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहे हैं। इसकी वजह से भारत का वैश्विक व्यापार भी बढ़ रहा है। आने वाले समय में भारत का रक्षा व्यापार 40 हजार करोड़ का बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय रक्षा कंपनियां आज ग्लोबल सप्लाई का हिस्सा बन गईं हैं। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मास्त्र मिसाइल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह मिसाइल आज दुनिया के देशों की पसंदीदा बन गई है। यही वजह है कि आज दुनिया भारत के टेक्नोलॉजी पर भरोसा कर रही है। इसके अलावा इस दौरान पीएम ने रक्षा क्षेत्र के कई उपलब्धियों को भी गिनाया।
ये भी पढ़ें- Narendra Modi: प्रधानमंत्री आज दो दिन के दौरे पर पहुंचेंगे गुजरात, करेंगे डिफेंस एक्सपो का उद्घाटन












Click it and Unblock the Notifications