तमिलनाडु फंड पर मोदी-चिदंबरम आमने-सामने, तंज कसते हुए PM को दे डाली ये सलाह!
PM Modi vs P Chidambaram: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के बीच तमिलनाडु को केंद्र द्वारा दिए गए फंड को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। रविवार को रामेश्वरम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने 2014 से पहले की तुलना में राज्य को तीन गुना ज्यादा फंड मुहैया कराया है।
मोदी ने कहा कि यह दिखाता है कि केंद्र तमिलनाडु के विकास के लिए कितना प्रतिबद्ध है। लेकिन उनके इस दावे पर कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने तंज कसते हुए इसे "सामान्य आर्थिक प्रक्रिया" बताया और कहा कि सिर्फ बड़ी राशि देना असली तस्वीर नहीं दिखाता।

मोदी सरकार और डीएमके सरकार के बीच फंड को लेकर पहले से ही टकराव चल रहा है। ऐसे में पीएम का ये बयान और चिदंबरम की प्रतिक्रिया एक बार फिर केंद्र और राज्य सरकारों के बीच तनातनी को सामने ले आई है। आइए जानते हैं इस पूरे विवाद की कहानी...
'कुछ लोग अब भी रोते हैं फंड के लिए'
पीएम मोदी ने कहा कि राज्य को अधिक धन देने के बावजूद कुछ लोग केंद्र पर फंड रोकने का आरोप लगाते हैं। उन्होंने कहा, "2014 से पहले तमिलनाडु के लिए सालाना सिर्फ 900 करोड़ रुपये रेलवे बजट में आते थे। लेकिन इस साल ये बजट 6,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।"
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु पहुंचे पीएम मोदी ने साधा स्टालिन पर निशाना, भाषा विवाद के बीच कसा इस अंदाज में तंज
चिदंबरम बोले- 'ये तो हर साल होता है'
कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने पीएम मोदी के इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि हर साल बजट और खर्च का आकार बढ़ता है, ये सामान्य बात है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "पहली साल की इकोनॉमिक्स पढ़ने वाली छात्रा भी बता सकती है कि हर साल आंकड़े बढ़ते हैं। इससे पता नहीं चलता कि राज्य को जीडीपी या कुल खर्च का कितना हिस्सा मिला।"
'सिर्फ बड़ी राशि देना काफी नहीं'
चिदंबरम ने कहा कि असली सवाल यह है कि क्या तमिलनाडु को दिया गया फंड देश की जीडीपी या सरकार के कुल खर्च के अनुपात में भी बढ़ा है या नहीं। उन्होंने तंज कसा कि "आप हर साल एक साल बड़े होते हैं, इसलिए नंबर तो बढ़ेंगे ही।"
स्टालिन ने लगाए आरोप, कहा- 'विरोध करने पर फंड रोका'
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन पहले भी केंद्र सरकार पर फंड रोकने का आरोप लगा चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि नई शिक्षा नीति का विरोध करने पर राज्य का 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड रोक दिया गया है।
8,300 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण
प्रधानमंत्री मोदी ने रामेश्वरम में 8,300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें नया पंबन ब्रिज, रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और सड़क निर्माण की योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि "प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना" के तहत राज्य में अब तक 4000 किलोमीटर से ज्यादा सड़कें बनाई गई हैं।
केंद्र और राज्य में टकराव जारी
तमिलनाडु में केंद्र और राज्य सरकार के बीच फंड को लेकर खींचतान जारी है। जहां केंद्र अधिक फंड देने का दावा कर रहा है, वहीं राज्य का आरोप है कि केंद्र जानबूझकर फंड रोक रहा है। पीएम मोदी के बयान और चिदंबरम के जवाब से इस बहस ने और जोर पकड़ लिया है।
ये भी पढ़ें: 'पंबन ब्रिज से जीवन होगा आसान', रामेश्वरम में उद्घाटन कार्यक्रम में PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें












Click it and Unblock the Notifications