राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस पर पीएम मोदी ने कोरोना वॉरियर्स को किया सलाम, शेयर किया ये खास वीडियो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस (National Doctors Day 2020) के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के डॉक्टरों को सलाम किया है। प्रधानमंत्री ने इस खास दिन पर डॉक्टरों के सम्मान में एक वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, कोविड-19 के खिलाफ लड़ रहे हमारे डॉक्टरों को भारत सलाम करता है। पीएम मोदी ने वीडियो में डॉक्टरों को पुनर्जन्म देने वाला और सफेद कपड़ों में ईश्वर का रूप बताया है।
Recommended Video

उन्होंने इस वीडियो में कहा, 'मां हमें जन्म देती है, तो कई बार डॉक्टर हमें पुनर्जन्म देता है। संकट की इस घड़ी में अस्पतालों में इस समय सफेद कपड़ों में दिख रहे डॉक्टर नर्स ईश्वर का ही रूप हैं। अपने जीवन को खतरे में डाल करके ये लोग हमारा जीवन बचा रहे हैं। डॉक्टर जिंदगी बचाते हैं और हम उनका ऋण कभी नहीं उतार सकते। ये हम सबका दायित्व है कि जो देश की सेवा करते हैं, जो देश के लिए खुद को खपाते हैं, उनका सार्वजनिक सम्मान हर पल होते रहना चाहिए।'
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल में कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे मेडिकल स्टाफ और जरूरी सेवा प्रदाताओं को कोरोना वॉरियर्स नाम दिया था। उन्होंने इनके सम्मान में लोगों से अपने घरों की बालकनी और छतों पर खड़े होकर ताली, घंटी बजाकर आभार जताने को कहा था। देशभर में लोगों ने इस आह्वान पर कोरोना वॉरियर्स की हौसलाअफजाई की। वहीं एयरफोर्स ने कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में फूलों की बारिश भी की थी।
बता दें देश में हर साल 1 जुलाई को राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस मनाया जाता है। इस दिन देशभर के डॉक्टरों को उनकी अथक सेवा के लिए सम्मानित किया जाता है। ये दिन उन सभी चिकित्सा और स्वास्थ्य पेशेवरों को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है जो मरीजों का इलाज कर उन्हें नया जीवन प्रदान करते हैं और अनेक बाधाओं के बावजूद भी समाज की सेवा में लगे रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications