पीएम मोदी ने कैबिनेट मंत्रियों संग बैठक में की जम्मू हमले पर चर्चा, ड्रोन नीति पर भी किया मंथन
नई दिल्ली, 29 जून। जम्मू-कश्मीर में स्थित भारतीय वायुसेना के एयरबेस पर 26-27 जून की रात ड्रोन से की गई बमबारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बारीकी से नजर बनाए हुए हैं, मंगलवार को उन्होंने भारत की ड्रोन नीति की समीक्षा के लिए कैबिनेट मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की। यह मीटिंग जम्मू एयर बेस पर हुए हमले के दो तुरंद बाद हुई है।

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी मौजूद रहे। मीटिंग से ठीक पहले रक्षा मंत्री को सेना के शीर्ष अधिकारियों द्वारा ड्रोन से संबंधित सुरक्षा पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई थी। सूत्रों का कहना है कि ड्रोन के नागरिक उपयोग के लिए आसमान में अनुमति संबंधित नीतिगत ढांचा पहले से ही विचार में था और अब मंगलवार को हुई बैठक में इसकी बारीक बिंदुओं पर चर्चा की गई। गौरतलब है कि हाल ही में ड्रोन द्वारा पैदा हुए सुरक्षा खतरे को ध्यान में रखते हुए नीति के कई पहलुओं पर भी पुनर्विचार करने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें: मोदी सरकार के कोविड राहत पैकेज पर चिदंबरम बोले- संकट का जवाब लोगों के हाथ में पैसा डालना है
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ड्रोन के नागरिक उपयोग के लिए प्रस्तावित नीति जारी रहेगी लेकिन सुरक्षा खतरों को खत्म करने के लिए एक मजबूत तंत्र बनाया जाएगा। बताया जा रहा है कि मंगलवार को पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान नागरिक उपयोग के लिए तय किए गए नियमों को ध्यान में रखते हुए ड्रोन के संबंध में सुरक्षा उपायों पर चर्चा की गई। सूत्रों ने कहा कि संभावना है कि खतरे के आकलन के स्तर के आधार पर कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी मानव रहित विमान प्रणाली नियम, 2021 के तहत हाल के दिशानिर्देशों के अनुसार, 250 ग्राम से कम वजन वाले ड्रोन उड़ाने के लिए किसी लाइसेंस या परमिट की आवश्यकता नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications