पहलाज निहलानी बोले, पद्मावती पर पहले भी फिल्में बनीं तब क्यों नहीं किया विरोध
नई दिल्ली। सेंसर बोर्ड के पूर्व चेयरमैन पहलाज निहलानी ने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' को लेकर हो रहे विरोध को गलत बताया है। निहलानी ने कहा कि फिल्म के रिलीज होने से पहले ये कैसे तय हो गया कि उसमें किसी के खिलाफ कुछ दिखाया गया, आखिर सेंसर बोर्ड को फिल्म को सर्टिफिकेट देता है और बोर्ड को पता है कि क्या होना चाहिए फिल्म में और क्या काट देना चाहिए। निहलानी ने कहा कि पद्मावती पर पहले भी फिल्में बनी हैं लेकिन इस बार ही ज्यादा विरोध हो रहा है।

पद्मावती अपनी शूटिंग के समय से ही विवादों में है। यहां तक कि सेंसर बोर्ड के सदस्य अर्जुन गुप्ता तक गृहमंत्री राजनाथ सिंह को चिट्ठी लिखकर फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग कर चुके हैं। गुप्ता का कहना है कि भंसाली के खिलाफ सख्त एक्शन बहुत जरूरी है ताकि वो भविष्य में ऐसी फिल्में बनाने से बचें।
भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के कई राजघराने और कई दूसरे संगठन भी फिल्म को लेकर आपत्ति जता चुके हैं। हाल ही में भाजपा ने चुनाव आयोग से गुजरात चुनाव तक फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग की थी। चुनाव आयोग ने भाजपा की उस मांग को खारिज कर दिया। गुजरात के प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष आईके जडेजा ने बताया कि गुजरात के 16 जिलों के राजपूत समाज ने फिल्म से भवानाओं को ठोस पहुंचने की बात कही थी, इसलिए उन्होंने फिल्म पर बैन की मांग की थी।
वहीं निर्माता संजय लीला भंसाली ने वीडियो रिलीज कर पद्मावती पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि फिल्म में पद्मावती और अलाउद्दीन के बीच कोई रोमांटिक सीन नहीं है। पद्मावती एक दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इसमें दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। बताते चलें कि फिल्म रानी पद्मावती के किरदर पर बनी है, इतिहासकार पद्मावती को सिर्फ एक काल्पनिक किरदार मानते हैं।












Click it and Unblock the Notifications