पी चिदंबरम की बाईं पसली में आया फ्रैक्चर, कांग्रेस ने कहा- विरोध के दौरान पुलिस ने की धक्कामुक्की
नई दिल्ली, जून 13। राहुल गांधी के समर्थन में सोमवार को राजधानी दिल्ली में हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम चोटिल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पी चिदंबरम की बाईं पसली में फ्रैक्चर हुआ है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि विरोध के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ धक्कामुक्की की थी, जिसकी वजह से उन्हें चोट लगी है। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि चिदंबरम के अलावा पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।

10 दिन में रिकवर होंगे चिदंबरम!
इस मामले में पी चिदंबरम ने ट्वीट कर बताया है कि विरोध खत्म होने के बाद उन्होंने डॉक्टर को दिखाया और डॉक्टर ने कहा है कि अगर हेयरलाइन में फ्रैक्चर होगा तो लगभग 10 दिन में आप ठीक हो जाएंगे, मैं अभी ठीक हूं और कल अपने काम पर जाऊंगा।
सुरजेवाला ने कई नेताओं पर हमले होने का किया दावा
कांग्रेस पार्टी की ओर से रणदीप सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा है कि आज पूरे दिन कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले होते रहे हैं। सुरजेवाला ने बताया कि पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल, सांसद शक्ति सिंह और अन्य कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं। सुरजेवाला ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि आज तो दिल्ली पुलिस ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दी। पी.चिदंबरम के साथ पुलिस ने धक्कामुक्की। इस दौरान उनका चश्मा नींचे फेंका गया। इसी धक्कामुक्की के दौरान उनकी पसलियों में फ्रैक्चर आ गया। इतना ही नहीं सांसद प्रमोदी तिवारी के साथ धक्कामुक्की हुई है।
कांग्रेस के लिए विरोध का दिन रहा आज
आपको बता दें कि सोमवार का पूरा दिन कांग्रेस पार्टी के लिए विरोध वाला दिन रहा। दरअसल, आज राहुल गांधी को ईडी के समक्ष पेश होना था। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के कई बड़े नेता पार्टी मुख्यालय से लेकर ईडी के दफ्तर तक मार्च निकालते हुए गए। कांग्रेस पार्टी ने इस मार्च को सत्याग्रह का नाम दिया। बता दें कि राहुल गांधी से आज करीब 8 घंटे तक पूछताछ हुई।












Click it and Unblock the Notifications