ऑपरेशन सिंदूर: पीर पंजाल से भारत ने की 9 में से 7 स्ट्राइक, आतंकी ढांचे तबाह, ऐसे तोड़ा गया PAK सेना का मनोबल
operation sindoor: भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत जम्मू-कश्मीर में पीर पंजाल रेंज के दक्षिणी क्षेत्रों से कुल 9 में से 7 सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र (PoK) में मौजूद आतंकी ढांचे को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया। यह जानकारी एक वरिष्ठ सेना अधिकारी ने सोमवार (19 मई) को दी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी सेना का मनोबल बुरी तरह गिर गया है।
सेना अधिकारी ने बताया, "हम पूरी तरह से तैयार हैं। नियंत्रण रेखा (LoC) पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हमारी सेना हाई अलर्ट पर है। अगर दुश्मन कोई भी दुस्साहस करता है, तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा, वह भी उनकी ही जमीन पर।" उन्होंने कहा, "हमारे सैनिकों का मनोबल ऊंचा है। वे सीमा पर सतर्कता बनाए हुए हैं।"

ऑपरेशन सिंदूर: सात स्ट्राइक भारत की ओर से, आतंक के ढांचे तबाह
सेना अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमारी ऑपरेशनल एरिया में 9 में से 7 सटीक हमले भारतीय सेना ने किए, जो पीर पंजाल रेंज के दक्षिणी हिस्से से संचालित हुए। इन हमलों का मकसद आतंकी ढांचे को जड़ से समाप्त करना था, जो सफलतापूर्वक किया गया।
उन्होंने कहा, "हमने आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक ध्वस्त किया है। दुश्मन के कई मिलिट्री फॉर्मेशन भी निशाने पर आए, जिनमें करीब 50 लोगों की मौत हुई।"
पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई रही नाकाम
पाकिस्तान ने इन हमलों के जवाब में 8, 9 और 10 मई को भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा। अधिकारी ने बताया, ''पाकिस्तनी सेना ने ड्रोन, मिसाइल और तोपखाने से कई जगहों को निशाना बनाया, लेकिन हमारी एयर डिफेंस सिस्टम ने इन सभी खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।"
उन्होंने यह भी कहा कि पाक सेना ने डिवीजन मुख्यालय और दो ब्रिगेड मुख्यालय पर हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन वे भी असफल रहे।
पाकिस्तान की 'प्रॉक्सी वॉर' का जवाब
सेना अधिकारी ने कहा, "हमने केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जबकि पाकिस्तान ने नागरिक क्षेत्रों पर हमला किया।" उन्होंने कहा कि intercepted कम्युनिकेशन से यह साफ पता चलता है कि पाकिस्तानी सैनिकों का मनोबल बहुत नीचे गिर चुका है।
अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से लगातार चलाए जा रहे प्रॉक्सी वॉर (छद्म युद्ध) का भारत ने करारा जवाब दिया है उन्होंने कहा, "हम ऐसे किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमारी यूनिट्स चौबीसों घंटे सतर्क हैं, हर मूवमेंट पर निगरानी रखी जा रही है और हमारी तैयारियां पूरी हैं" उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय सेना हर समय हाई अलर्ट पर है और सीमाओं पर दुश्मन की हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications