पहलगाम अटैक के बाद निर्मला सीतारमण ने US-पेरू दौरा बीच में किया रद्द, कहा-देशवासियों के साथ खड़े रहना जरूरी!
Nirmala Sitharaman: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस हमले में कई बेगुनाह लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे देश में गुस्सा और गम का माहौल है। ऐसे समय में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमेरिका और पेरू का अपना सरकारी दौरा बीच में ही खत्म करने का फैसला लिया है।
सीतारमण ने कहा कि इस मुश्किल और दुखद समय में उनका भारत में रहना जरूरी है ताकि वह अपने देशवासियों के साथ खड़ी रह सकें। वित्त मंत्रालय ने बताया कि वित्त मंत्री जल्द से जल्द भारत लौटेंगी और इसके लिए वह जो भी सबसे जल्दी फ्लाइट मिलेगी, उससे रवाना होंगी।

वित्त मंत्रालय ने दी जानकारी
मंत्रालय ने एक्स (X) पर पोस्ट किया, "केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (@nsitharaman) अमेरिका-पेरू का अपना आधिकारिक दौरा बीच में ही छोड़ रही हैं। वह इस दुखद और कठिन समय में देशवासियों के साथ रहने के लिए जल्द से जल्द भारत लौट रही हैं।"
20 अप्रैल से शुरू हुआ था दौरा
निर्मला सीतारमण का पांच दिन का अमेरिका दौरा 20 अप्रैल से शुरू हुआ था। सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पर उनका स्वागत भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और काउंसल जनरल श्रीकर रेड्डी ने किया था।
ये भी पढ़ें: पहलगाम हमले के बाद PM नरेंद्र मोदी ने बीच में छोड़ा सऊदी अरब दौरा, तय समय से पहले भारत रवाना
IMF-वर्ल्ड बैंक बैठकों में लेना था भाग
22 से 25 अप्रैल तक उन्हें वॉशिंगटन डीसी में IMF और वर्ल्ड बैंक की स्प्रिंग मीटिंग्स में भाग लेना था। साथ ही G20 वित्त मंत्रियों और सेंट्रल बैंक गवर्नरों की बैठक, डेवलपमेंट कमिटी की प्लेनरी और ग्लोबल डेट राउंडटेबल जैसी अहम बैठकों में शामिल होना था।
कई देशों के नेताओं से होनी थी मुलाकात
सीतारमण की योजना अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, सऊदी अरब जैसे देशों के वित्त मंत्रियों और वैश्विक आर्थिक संगठनों के प्रमुखों से मुलाकात की थी। इसके बाद वह 26 से 30 अप्रैल तक अपने पहले पेरू दौरे पर जाने वाली थीं।
हमले की निंदा की, दी श्रद्धांजलि
हमले के बाद सीतारमण ने एक्स पर लिखा, "पहलगाम से दिल तोड़ने वाली खबर। कोई शब्द नहीं इस दुख को व्यक्त करने के लिए। मैं इस आतंकी हमले की निंदा करती हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"
गृह मंत्री ने बुलाई हाई लेवल बैठक
हमले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ एक अहम बैठक की। वह खुद श्रीनगर पहुंचे और सुरक्षा की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस कायराना हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सेना और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अनंतनाग जिले के बाइसरान, पहलगाम क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस को भी राजधानी के पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों ने निकाली कैंडल मार्च
हमले के खिलाफ जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। बारामूला, श्रीनगर, पुंछ और कुपवाड़ा में आम नागरिक सड़कों पर उतरे। जम्मू में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack 2025: अब तक क्या-क्या हुआ? 10 पॉइंट्स में जानिए पहलगाम अटैक से जुड़ा हर अपडेट












Click it and Unblock the Notifications