पहलगाम हमले के बाद सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़ भारत लौटे PM मोदी, कुछ बड़ा होने के संकेत?
PM Narendra Modi: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया। इस हमले में निर्दोष लोगों की जान जाने से देशभर में गुस्सा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के राजकीय दौरे पर थे, लेकिन जैसे ही उन्हें हमले की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत बड़ा फैसला लिया।
पीएम मोदी ने सऊदी अरब में हो रहे सभी आधिकारिक कार्यक्रमों को बीच में ही छोड़ दिया और तय समय से पहले भारत लौटने का निर्णय लिया। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब सरकार द्वारा आयोजित भव्य डिनर को भी रद्द कर दिया। वह पहले बुधवार रात को लौटने वाले थे, लेकिन अब वह बुधवार सुबह ही भारत पहुंच गए।

विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जैसवाल ने एक्स (X) पर जानकारी दी, "पीएम नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब का राज्य दौरा पूरा कर लिया है और भारत के लिए रवाना हो चुके हैं।"
पहलगाम हमला
पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 लोग मारे गए, के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर आज भारत लौट रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अहम बैठक होगी, जिसमें बड़े फैसले की संभावना जताई जा रही है। लश्कर-ए-तैयबा ने हमले की जिम्मेदारी ली है। सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर सतर्कता बढ़ाई गई है।
'मिलकर लड़ेंगे आतंकवाद से'
पीएम मोदी ने जेद्दा में सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बातचीत की और दोनों नेताओं ने मिलकर आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही। बिन सलमान ने पाहलगाम हमले की कड़ी निंदा की और मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की।
ये भी पढ़ें: Pahalgam Attack: PM मोदी का अमित शाह को फोन, श्रीनगर के लिए गृहमंत्री रवाना, कहा-कोई बख्शा नहीं जाएगा
रणनीतिक साझेदारी परिषद की बैठक
दोनों नेताओं ने दूसरी भारत-सऊदी रणनीतिक साझेदारी परिषद (SPC) की बैठक की। इस दौरान रक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने मोहम्मद बिन सलमान को तीसरी SPC बैठक के लिए भारत आने का निमंत्रण दिया।
IMEEC पर भी हुई बात
भारत-मध्य पूर्व-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEEC) को लेकर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इस क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
चार अहम समझौते
दौरे के दौरान भारत और सऊदी अरब के बीच चार अहम समझौते हुए। ये समझौते अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, खेल (एंटी-डोपिंग) और डाक क्षेत्र में हुए। दोनों नेताओं ने इन समझौतों को द्विपक्षीय रिश्तों के लिए अहम बताया।
100 अरब डॉलर निवेश की दिशा में प्रगति
मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के उच्चस्तरीय टास्क फोर्स ने कई क्षेत्रों में निवेश को लेकर सहमति बनाई है। इसमें ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल्स, टेक्नोलॉजी, हेल्थ, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। सऊदी अरब भारत में दो ऑयल रिफाइनरी बनाने के लिए भी तैयार है।
स्थानीय करेंसी में व्यापार का प्रस्ताव
प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब के साथ लोकल करेंसी में व्यापार और पेमेंट गेटवे को जोड़ने का सुझाव दिया, जिससे दोनों देशों के बीच आर्थिक रिश्ते और मजबूत हो सकें।
राजकीय सम्मान के साथ हुआ स्वागत
पीएम मोदी मंगलवार को जेद्दा पहुंचे थे। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने उनका शाही स्वागत किया। भारत के राजदूत सुहैल अजाज खान ने बताया कि पीएम मोदी को 21 तोपों की सलामी दी गई और उनके विमान को सऊदी के फाइटर जेट्स ने जेद्दा तक एस्कॉर्ट किया।
गहरे रिश्तों का प्रतीक
राजदूत ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और क्राउन प्रिंस के बीच व्यक्तिगत और गर्मजोशी भरा रिश्ता है। इस दौरे में वह साफ दिखा। सऊदी अरब ने जिस सम्मान और गर्मजोशी से पीएम मोदी का स्वागत किया, वह दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को दिखाता है।"
ये भी पढ़ें: Pahalgam Attack: 'जाओ मोदी को बता देना', फायरिंग करने वाले आतंकी ने क्या कहा? नाम पूछकर क्यों मारी गोली?












Click it and Unblock the Notifications