राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्य 22 जुलाई को लेंगे शपथ, पहली बार सदन के चैंबर में होगा शपथग्रहण
नई दिल्ली। राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्य 22 जुलाई को अंतर-सत्र के दौरान शपथ लेंगे। इस बार कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मद्देनजर शपथग्रहण पहली बार सदन के चैंबर में होगा। आमतौर पर नवनिर्वाचित सदस्य सभा के दौरान या फिर राज्यसभा के सभापति के समक्ष ही शपथ लेते हैं। इसके साथ ही इस बार कोरोना वायरस से बचाव के सभी उपायों का भी पालन होगा, विशेष तौर पर सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा। इस साल पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा सहित कुल 61 राज्यसभा सदस्य शपथ लेंगे।

बता दें कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च महीने से ही संसद स्थगित है। जिसके बाद से सदन की प्रक्रिया भी शुरू नहीं हुई है। ऐसे में राज्यसभा सीटों पर जो 61 सदस्य चुनकर आए हैं, उन्हें शपथ नहीं दिलाई जा सकती थी। अब इन सभी को 22 जुलाई को शपथ दिलाई जाएगी। राज्यसभा के अधिकारियों का कहना है कि शपथ लेने वाले सदस्य अपने साथ एक अतिथि को ला सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक अधिकारियों का कहना है कि राज्यसभा के महासचिव ने 22 जुलाई को शपथग्रहण के लिए नवनिर्वाचित सदस्यों को लिखित में सूचित किया है। इस दिन जो सदस्य नहीं आ पाएंगे, उन्हें संसद के मानसून सत्र के दौरान शपथ दिलाई जाएगी। इनका कहना है कि नए सदस्यों के लिए शपथग्रहण की योजना पहले ही बना ली गई थी लेकिन कुछ सदस्यों ने चिंता व्यक्त की थी कि वह दिल्ली की यात्रा नहीं कर पाएंगे। जिसके बाद इसे टाल दिया गया था।
इसके साथ ही अधिकारियों ने ये भी कहा है कि तिरूचि शिवा और केशव राव जैसे कुछ नए सदस्य या फिर दोबारा चुनकर आने वाले कुछ सदस्य संसदीय समितियों के अध्यक्ष भी हैं। ये लोग बिना शपथ लिए इन संबंधित समितियों की बैठक आयोजित नहीं कर सकते हैं। इसके अलावा जो नवनिर्वाचित सदस्य हैं, वो भी शपथ लिए बिना बैठकों में शामिल नहीं हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications