कितनी संपत्ति के मालिक हैं वीडियोकॉन के चेयरमैन Venugopal Dhoot, जिन्हें ICICI लोन केस में CBI ने किया अरेस्ट?
वीडियोकॉन के मालिक कभी देश के अरबपतियों में शामिल होते थे। उनका नाम फोर्ब्स की अमीरों की लिस्ट में भी आता था। लेकिन, आज स्थिति बदल चुकी है।

Venugopal Dhoot net worth 2022: वीडियोकॉन ग्रुप के चेयरमैन वेणुगोपाल धुत भी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के शिकंजे में आ चुके हैं। आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर के बाद सीआईबाई ने धूत को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला आईसीआईसीआई बैंक के लोन से धोखाधड़ी करने से जुड़ा है। मामला करीब 12 साल पुराना है, लेकिन इसकी वजह से भारत का एक अरबपति कारोबारी अर्श से फर्श पर आ चुका है। जानिए किस बिजनेसमैन से जुड़े रहे हैं वेणुगोपाल धूत और उनकी संपत्ति की क्या स्थिति है।
Recommended Video

कौन हैं वेणुगोपाल धूत ?
वीडियोकॉन ग्रुप के मालिक वेणुगोपाल धूत को आईसीसीआई बैंक लोन मामले में सोमवार को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। 72 वर्षीय धूत भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार के अगुवा बिजनेसमैन रहे हैं। लेकिन, जब से वह प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसे हैं, उनकी किस्मत की गाड़ी पलट चुकी है। 2015 में फोर्ब्स पत्रिका ने उन्हें भारत का 61वां अमीर शख्सियत बताया था। लेकिन, अब ऐसी लंबी लिस्ट में भी कहीं नजर नहीं आते। इस मामले में आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर को सीबीआई ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

वेणुगोपाल धूत पर क्या है आरोप ?
साल 2012 में वीडियोकॉन को आईसीआईसीआई बैंक से 3,250 करोड़ रुपए का लोन मिला था। उस वक्त चंदा कोचर उसकी सीईओ थीं। आरोपों के मुताबिक लोन के बदले वीडियोकॉन ने नू रिन्यूएबल कंपनी में 64 करोड़ रुपए का निवेश किया था, जो कि दीपक कोचर की कंपनी (50 फीसदी शेयर) थी। दीपक कोचर चंदा कोचर के पति हैं। सीबीआई के मुताबिक वीडियोकॉन ग्रुप के लिए आईसीआईसीआई बैंक से मंजूर किए गए लोन में गड़बड़ी और अनियमितताएं पाई हैं। इसी मामले के उजागर होने के बाद आईसीआईसीआई ने चंदा कोचर को सीईओ पद से हटा दिया था और उन्हें रिटायरमेंट बेनिफिट देने से भी मना कर दिया था।

2015 में 1.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर थी संपत्ति
बिजनेस टुडे डॉट इन की 08 अगस्त, 2021 की एक रिपोर्ट के मुताबिक देश के जो कई अरबपति किसी वजह से कंगाली की हालत में पहुंचे हैं, उनमें वीडियोकॉन ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन वेणुगोपाल का नाम पहले नंबर पर है। 2015 में जिस बिजनेसमैन का नाम फोर्ब्स की लिस्ट में था, उसने तबतक दिवालियेपन के चलते अपना सभी बड़ा कारोबार- कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, टेलीकॉम, तेल की खोज आदि गंवा दिया था। तब (2015 में) उनकी कुल संपत्ति 1.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर की आंकी गई थी। धूत भारत के उन कारोबिरियों में शामिल हैं, जो 2016 में आए इंसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC)के बाद अपनी कई कंपनियों से हाथ धो चुके हैं।

इन कारोबार में भी हुआ नुकसान
हालांकि, फोर्ब्स की तभी की रिपोर्ट के मुताबिक कंज्यूमर ड्यूरेबल की डिमांड घटने से वीडियोकॉन की कंपनियों पर दबाव बढ़ने लगा था। 2015 के जनवरी में ही उन्होंने वीडियोकॉन d2h का तीसरा हिस्सा बेच दिया था। कंपनी टेलीकॉम बिजनेस में भी उतरी थी, लेकिन वह ज्यादा फायदे का सौदा साबित नहीं हुईं। बाद में कंपनी ने स्मार्टफोन बनाना भी शुरू किया था, लेकिन कठिन प्रतियोगिता और चीनी कंपनियों की वजह से यह भी बहुत ज्यादा कारगार साबित नहीं हो पाई।

धूत की बहू ने खरीदा लग्जरी अपार्टमेंट
एक तरफ जहां तमाम तरह के कानूनी शिकंजे की वजह से वीडियोकॉन ग्रुप की माली हालत खस्ता नजर आती है, वहीं पिछले साल दिसंबर में ही एक रिपोर्ट आई थी कि वेणुगोपाल धूत की बहू पूजा धूत ने मुंबई के बहुत ही महंगे इलाके में 52 करोड़ रुपए में एक आलीशान डुप्लेक्स खरीदा है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक 3,400 वर्ग फीट में फैले उस अपार्टमेंट की तब की कीमत लगभग 1.5 लाख रुपए प्रति वर्ग फीट बताई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक पूजा धूत के अपार्टमेंट की लग्जरी का अंदाजा इसी से लग सकता कि उन्हें एक- दो नहीं कुल सात कार पार्किंग का एक्सेस दिया गया है। पूजा धूत वेणुगोपाल धूत के बेटे अनिरुद्ध धूत की पत्नी हैं, जो वीडियोकॉन में ही डायरेक्टर हैं।












Click it and Unblock the Notifications