देश में तीसरा मोर्चा बनाने की जुगत में एनसीपी चीफ शरद पवार, विभिन्न दलों से चर्चा जारी
मुंबई। देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों में टिकट बटवारे को लेकर जद्दोजहद चल रही है। इस बीच केरल चुनाव में टिकट ना मिलने से खफा वरिष्ठ नेता पीसी चाको ने मंगलवार को कांग्रेस का साथ छोट राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का दामन थाम लिया। उन्होंने एनसीपी चीफ शरद पवार की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। शरद पवार ने कहा कि देश में इस समय तीसरे मोर्चे की आवश्यकता है, इसके लिए विभिन्न दलों से बातचीत हो रही है। सीताराम येचुरी ने भी आज इसकी वकालत की है।

एनसीपी चीफ शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना और कांग्रेस के साथ मिलकर एनसीपी सरकार चला रही है। महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में किसी भी दिक्कत की अटकलों को खारिज करते हुए शरद पवार ने कहा कि राज्य की सरकार में कोई भी दिक्कत नहीं है, सीएम उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार अच्छा काम कर रही है। पीसी चाको के एनसीपी में शामिल होने पर पवार ने कहा कि केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने फोन किया और बताया कि पीसी चाको के एनसीपी में आने से लेफ्ट खुश है।
एनसीपी में शामिल होने के बाद क्या बोले पीसी चाको
केरल से आने वाले पीसी चाको ने केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ लेफ्ट के नेतृत्व वाले एलडीएफ को समर्थन का ऐलान किया है। चाको ने कहा कि वो एनसीपी केरल में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एनडीएफ) का हिस्सा है। मैं एनसीपी का हिस्सा होने के नाते एक बार फिर एलडीएफ से जुड़ गया हूं। केरल की थिरुसूर लोकसभा सीट से सांसद रहे पीसी चाको कांग्रेस के सीनियर नेताओं में गिने जाते थे। हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजने के बाद पीसी चाको ने कहा था कि एक ईमानदार कार्यकर्ता का कांग्रेस में बने रहना मुश्किल हो गया है।
यह भी पढ़ें: शरद पवार ने की 5 राज्यों के चुनावी नतीजों की भविष्यवाणी, जानें किस राज्य में बनेगी किसकी सरकार












Click it and Unblock the Notifications