इंस्टाग्राम फ्रेंड बना धोखेबाज! 'विदेशी गिफ्ट' के नाम पर मुंबई की महिला से 49 लाख की ठगी, जानिए पूरा मामला?
Cyber fraud: महाराष्ट्र के नवी मुंबई की एक 46 वर्षीय महिला से करीब 49.59 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, ठगों ने खुद को विदेश से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला को चूना लगाया। इस गिरोह में एक महिला खुद को कस्टम अधिकारी बताकर पेश कर रही थी। यह ठगी जून से अगस्त 2024 के बीच हुई थी, लेकिन मामला तब सामने आया जब पीड़िता, जो नवी मुंबई के ऐरोली इलाके की रहने वाली है, ने शुक्रवार (6 मई) को राबले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
कैसे हुई ठगी?
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति ने खुद को यूनाइटेड किंगडम (UK) का नागरिक बताते हुए महिला से संपर्क किया और दोस्ती कर ली। इसके बाद उसने महिला को एक महंगा तोहफा भेजने की बात कही। कुछ समय बाद एक महिला ने पीड़िता को कॉल कर खुद को दिल्ली एयरपोर्ट की कस्टम अधिकारी बताया और कहा कि पैकेट आ चुका है, लेकिन इसे छुड़ाने के लिए कस्टम ड्यूटी, विदेशी मुद्रा शुल्क और पार्सल हैंडलिंग चार्ज के रूप में रकम जमा करनी होगी। धोखाधड़ी का शिकार महिला अलग-अलग बैंक खातों में धीरे-धीरे ₹49,59,999 रुपये ट्रांसफर करती रही। लेकिन जब बार-बार पैसे की मांग बढ़ने लगी और गिफ्ट नहीं आया, तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ।

मामले की जांच जारी
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धाराएं भी लगाई गई हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया है और उनकी असली पहचान और पते अब तक सामने नहीं आ पाए हैं। मामला अब साइबर सेल को सौंप दिया गया है।
ये भी पढ़ें Digital Arrest Fraud: जनवरी-अप्रैल तक डिजिटल अरेस्ट में भारतीयों ने गंवाए 120 करोड़, कैसे होता है ये फ्रॉड?
पुलिस ने लोगों से की अपील
नवी मुंबई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर गिफ्ट या पैसे से जुड़ी किसी भी अनजान पेशकश पर आंख बंद कर भरोसा न करें। कोई भी भुगतान करने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान की अच्छी तरह से सत्यता जांचें।
ये भी पढ़ें Cyber crime Registry: भारत की बड़ी कामयाबी! सिर्फ 90 दिनों में साइबर जालसाजों से 1,800 करोड़ की बचत












Click it and Unblock the Notifications