'हम बहुमत नहीं ला सकते, इसलिए आप फिर से प्रधानमंत्री बनें', जब मुलायम सिंह यादव ने PM मोदी को दिया आशीर्वाद
'हम बहुमत नहीं ला सकते, इसलिए आप फिर से प्रधानमंत्री बनें', जब मुलायम सिंह यादव ने PM मोदी को दिया था आशीर्वाद
मुलायम सिंह यादव का संसद लोकसभा का आखिरी भाषण: समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का लंबी बीमारी के बाद सोमवार 10 अक्टूबर 2022 को निधन हो गया। मुलायम सिंह यादव 82 वर्ष के थे। मुलायम सिंह यादव का काफी वक्त से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ-साथ भारत के रक्षा मंत्री रह चुके हैं। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उनका लोकसभा में दिया आखिरी संबोधन का वीडियो वायरल है। फरवरी 2019 में लोकसभा में मुलायम सिंह यादव ने पीएम मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया था। अपने संबोधन में मुलायम सिंह यादव ने कहा था, ''मैं ये भी चाहता हूं कि प्रधानमंत्री जी आप फिर से प्रधानमंत्री बनें।''
Recommended Video

मुलायम सिंह यादव का लोकसभा में दिया आखिरी भाषण
मुलायम सिंह यादव ने अपने संसद के आखिरी भाषण में कहा था, ''मैं इस सदन में सबका आदर करता हूं, सम्मान करता हूं। आज एक महत्वपूर्ण दिन है, हमारी कामना है कि जितने सदस्य आज संसद में हैं, वो सभी दोबारा जीतकर आए, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं। सदन चलाना बहुत कठिन काम है, जिस कुर्सी पर आप (लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन) बैठी हैं, वो काम बहुत कठिन काम है, पूरे सदस्य के नेताओं को संतुष्ट करना, ये बहुत कठिन काम है और सबको संतुष्ट किया भी नहीं जा सकता है। हमें अनुभव है कि जब लोगों से बहस करते हैं लेकिम मैं इतना जरूर कहूंगा कि (सुमित्रा महाजन) आपने सदन को बहुत अच्छे से चलाने का प्रयास किया है। इसलिए आपके खिलाफ कोई कुछ नहीं बोलता है।''

'प्रधानमंत्री जी ने सबको साथ लेकर चलने का पूरा प्रयास किया...'
मुलायम सिंह यादव ने कहा, ''मैं प्रधानमंत्री को भी बधाई देना चाहता हूं। प्रधानमंत्री जी, आपने भी सभी से मिलजुल कर और सबको साथ लेकर, सबका काम किया है। ये सही है कि हम जब-जब मिले, किसी काम के लिए कहा, तो आपने उसी वक्त ऑर्डर किया। इसलिए मैं आपका यहां पर आदर करता हूं, सम्मान करता हूं, प्रधानमंत्री जी (नरेंद्र मोदी) ने सबको साथ लेकर चलने का पूरा प्रयास किया है। मैं ये चाहता हूं कि जितने भी माननीय सदस्य हैं, वो दोबारा फिर से जीतकर आए।''

मुलायम सिंह यादव ने कहा था, 'प्रधानमंत्री जी, आप फिर बनें प्रधानमंत्री...'
मुलायम सिंह यादव ने कहा,''मैं तो ये भी चाहता हूं कि, हम लोग तो इतने बहुमत में नहीं आ सकते हैं, इसलिए प्रधानमंत्री जी, आप फिर बनें प्रधानमंत्री...।'' मुलायम सिंह यादव की ये बात सुनकर पीएम नरेंद्र मोदी ने हाथ जोड़कर उनकी बातों का अभिनंदन और स्वागत किया।

पीएम मोदी ने गुजरात रैली में मुलायम सिंह यादव को किया याद
पीएम नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात में हैं। पीएम मोदी ने गुजरात रैली में संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा, ''आज (10 अक्टूबर) सुबह मैं यहां आ रहा था तब एक दुखद खबर भी मिली। आज मुलायम सिंह यादव जी का निधन हो गया है। मुलायम सिंह यादव जी का जाना देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।''
पीएम मोदी ने कहा,''मैं आज आदरणीय मुलायम सिंह जी को गुजरात की इस धरती से, मां नर्मदा के इस तट से उनको आदरपूर्वक भावभीनी श्रद्धांजलि देता हूं और ईश्वर से प्रार्थन करता हूं कि उनके परिवार, उनके समर्थकों को ये दुख सहने की शक्ति दे।''

'मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरा नाता विशेष रहा है...'
पीएम मोदी ने कहा, ''मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरा नाता विशेष प्रकार का रहा है। जब हम दोनों मुख्यमंत्री के रूप में मिला करते थे तब वे भी और मैं भी दोनों के प्रति एक अपनत्व का भाव अनुभव करते थे।''

'मुलायम सिंह जी का आशीर्वाद, आज भी मेरी अमानत हैं'
पीएम मोदी ने लोकसभा में मुलायम सिंह के भाषण को याद करते हुए कहा, ''जब भाजपा ने 2014 चुनाव के लिए मुझे प्रधानमंत्री पद के लिए आशीर्वाद दिया तब मैंने, विपक्ष में जो लोग थे जिनसे मेरा परिचय था, जो वरिष्ठ राजनेता थे,उनसे आशीर्वाद देने का एक उपक्रम किया था। मुझे याद है, उस दिन मुलायम सिंह जी का वो आशीर्वाद, कुछ सलाह के वो शब्द, आज भी मेरी अमानत हैं।''
यहां देखें मुलायम सिंह का वीडियो












Click it and Unblock the Notifications