हज यात्रा के लिए भारत सरकार की तैयारी पूरी, बस सऊदी के फैसले का है इंतजार
नई दिल्ली, 5 जून: अगले महीने से हज की पवित्र यात्रा शुरू होने वाली है, लेकिन कोरोना महामारी के बीच इसे कैसे पूरा करवाया जाएगा इस पर संशय अभी भी बरकरार है। पिछले साल सऊदी सरकार ने कोरोना के मद्देनजर हज को कैंसिल कर दिया था, जिस वजह से बड़ी संख्या में यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। हालांकि इस साल भारत सरकार अपनी ओर से पूरी तैयारी कर रही है, लेकिन अंतिम फैसला सऊदी सरकार को ही लेना है।

यूपी के रामपुर में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ये पूरी यात्रा सिर्फ और सिर्फ सऊदी अरब सरकार के फैसले पर ही निर्भर करती है। पिछली साल कोरोना के चलते उन्होंने इसको रद्द कर दिया था। इस बार अभी तक ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। जिस वजह से भारत सरकार अपनी पूरी तैयारी कर रही है, ताकी वहां से हरी झंडी मिलते ही श्रद्धालुओं को हज के लिए भेजा सके।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: हज हाउस में बन रहा कोरोना मरीजों वाला अस्पताल, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट भी होंगे
नकवी ने आगे कहा कि सऊदी अरब की सरकार इस मुद्दे पर जो भी फैसला करेगी, भारत सरकार उसके साथ है। हमारे और सऊदी सरकार के बीच काफी अच्छे रिश्ते हैं। इसके अलावा संकट के वक्त दोनों एक-दूसरे की मदद भी करते हैं। उन्होंने ये भी साफ किया कि हज को लेकर अभी तक कोई द्विपक्षीय फैसला नहीं हुआ है। साथ ही भारत सरकार ने अभी तक वहां की सरकार से कोई बातचीत भी नहीं की। उन्होंने कहा कि सभी देशों के लिए लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है, ऐसे में हर सरकार सोच समझकर ही फैसला लेती है।












Click it and Unblock the Notifications