मेघालय चुनाव के लिए काउंटडाउन शुरू, कल सुबह 7 बजे से होगी वोटिंग, बांग्लादेश से लगती सीमा को किया सील
मेघालय में सोमवार को होने वाले विधानसभा चुनाव में दलों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होना है। मेघालय विधानसभा की 60 सीटों के लिए 27 फरवरी को सुबह सात बजे से मतदान होगा जोकि शाम चार बजे तक चलेगा, परिणाम दो मार्च को आएंगे।

Meghalaya Assembly Election: मेघालय में अलग-अलग पार्टियों के भारी चुनाव प्रचार के बाद सोमवार को होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी दलों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होना है। मेघालय विधानसभा की 60 सीटों के लिए शनिवार को प्रचार थम गया, अब राज्य में 27 फरवरी यानी सोमवार को सुबह सात बजे से मतदान होना है, और परिणाम दो मार्च को आएंगे।
मेघालय के 3,419 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से डाले जाएंगे वोट
मेघालय के 60 विधानसभा क्षेत्रों के 3,419 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। वोटिंग प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू होगी, जोकि शाम चार बजे तक चलेगी। मेघालय के 60 विधानसभा क्षेत्रों में से 36 निर्वाचन क्षेत्र खासी, जयंतिया हिल्स क्षेत्र में आते हैं, जबकि 24 गारो हिल्स क्षेत्र में आते हैं। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी एफ आर खारकोंगोर (Chief Electoral Officer FR Kharkongor) ने पीटीआई को बताया कि, 'चुनाव प्रचार बिना किसी कानून व्यवस्था की समस्या के अपराह्न चार बजे समाप्त हो गया। आयोग ने 27 फरवरी को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने की तैयारी कर ली है। कुल 369 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत दांव पर है।'
मुश्किल रास्तों को पार कर बूथों पर पहुंच रहे चुनाव अधिकारी
राज्य में 27 फरवरी को होने वाले चुनाव की तैयारी के लिए चुनाव अधिकारियों ने पूरे मेघालय में बूथों पर पहुंचना शुरू कर दिया है, खड़ी पहाड़ी रास्तों पर ट्रेकिंग करते हुए, कीचड़ भरी नदियों को पार करते हुए और घंटों पैदल चलते हुए चुनाव अधिकारी अपने-अपने बूथों पर पहुंच रहे हैं। खारकोंगोर ने बताया कि, 'शनिवार को कुल 974 टीमें अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। ये टीमें रात 9.30 बजे तक अलग-अलग परेशानियों का सामना कर बूथों पर पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि, 893 मतदान टीमों ने बताया कि वे अपने गंतव्य पर पहुंच गए हैं।'
मेघालय में 84 मतदान केंद्र अति जोखिम वाले
उन्होंने बताया कि कुल 3,419 मतदान केंद्रों में से 640 को संवेदनशील, 323 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील और 84 मतदान केंद्रों को अति जोखिम वाले केंद्र के तौर पर चिह्नित किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 119 कंपनियों को पूरे राज्य में चुनाव के लिए तैनात किया गया है।
बांग्लादेश से लगती 443 किलोमीटर की सीमा की गई सील
खारकोंगोर ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए 53 पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है जिनमें 20 आम पर्यवेक्षक, 21 व्यय पर्यवेक्षक और 12 पुलिस पर्यवेक्षक शामिल हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और बांग्लादेश से लगती 443 किलोमीटर सीमा को सील कर दिया गया है ताकि कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं हो।












Click it and Unblock the Notifications