तमिलनाडु: तूफान में उजड़ा आशियाना, तो 30 साल पुराने दोस्तों ने दिवाली में नया घर किया गिफ्ट
चेन्नई। स्कूल में पढ़ते समय की गई दोस्ती बहुत विशेष होती है क्योंकि इनमें से कई दोस्त ऐसे भी होते हैं जिनके साथ हमारी दोस्ती कब हुई, हमें यह भी याद नहीं रहता। जो बात याद रहती है वह है उसकी दोस्ती। ऐसी दोस्ती तमिलनाडु में दो दोस्तों के बीच देखने मिली। अब हर तरफ मुथुकुमार और के नागेंद्रन की दोस्ती की चर्चा हो रही है। आर्थिक तंगी से गुजर रहे दोस्त मुथुकुमार को उनके दोस्त नागेंद्रन ने इस दिवाली पर उन्हें नया घर गिफ्ट किया है।

लॉकडाउन में बेरोजगार हुए मुथुकुमार
दरअसल तमिलनाडु के पुडुक्कोट्टाई के रहने वाले 44 साल के मुथुकुमार ट्रक चालक हैं। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लगे लॉकडाउन में दूसरे लोगों की तरह उनकी नौकरी चली गई। मुथु हर महीने 10 से 15 हजार रुपए कमा लेते थे। इतनी आमदनी से वह घर चला जाता था। लेकिन लॉकडाउन में उनकी आमदनी घटकर 1000-2000 रुपए रह गई। इससे वह काफी परेशान रहने लगे। उनका और उनके परिवार का जीवनयापन इतने रुपये में संभव नहीं रहा। इसी बीच तूफान में बर्बाद हुआ उनका घर भी उनके लिए परेशानी का सबब बन गया था।

रियूनियन में मिले 30 साल पुराने दोस्त से
मुथुकमार ने बताया कि,मैं जिस घर में पैदा हुआ था, मैं तब से उसी घर में रह रहा हूं। मेरे घर के आसपास के पेड़ दो साल पहले चक्रवात के दौरान गिर गए थे और तब से मेरा घर बुरी हालत में है। इसे ठीक कराने के मेरे पास पैसे नहीं हैं।सितंबर में, मुथुकुमार अपने स्कूल के दोस्त के नागेंद्रन से अपने स्कूल के शिक्षक के घर रियूनियन में मिला। मुलाकात के बाद, मुथुकुमार ने उसे अपने घर बुलाया। जब नागेंद्रन ने अपने दोस्त के घर की हालत देखी, तो वह बहुत परेशान हो गए।

व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर की फंडिंग
उन्होंने तुरंत अपने TECL हायर सेकेंडरी स्कूल पुदुक्कोट्टई के दोस्तों वाले व्हाट्सएप ग्रुप मुथुकमार के घर के लिए फंड इकट्ठा करने के लिए मैसेज डाला। नागेंद्र ने बताया कि, स्कूल खत्म होने के लगभग 30 साल बाद मैं अपने दोस्त से मिला था। मैं उसके घर की हालत देखकर व्यथित था। गाजा चक्रवात ने उनके घर और उनके घर की छत को नष्ट कर दिया था। मुझे पता था कि मुझे उसकी मदद करनी होगी। मैंने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और उसके घर की तस्वीरें और वीडियो भेजे। उनकी मदद के लिए कई दोस्त आगे आए।

दिवाली पर गिफ्ट में दिया घर
बिना किसी इंजीनियर की मदद के, नागेंद्रन और उनके दोस्तों ने महज तीन महीने में 1 लाख 50 लाख रुपये की लागत से घर बना लिया। उन्होंने मुथुकुमार और उनके परिवार को दीवाली उपहार के रूप में घर को सौंपा। इतना ही नहीं उन्होंने मुथु की माँ के लिए भी पास में एक छोटी सी झोपड़ी बनवाई। नागेंद्रन ने कहा, भले ही हम संपर्क में नहीं हैं, लेकिन स्कूल के दोस्त हमेशा स्पेशल होते हैं। हम सभी को अपने दोस्तों की जरूरत में मदद करनी चाहिए. लॉकडाउन के दौरान कई लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है। यदि आप किसी ऐसे दोस्त को जानते हैं जो संकट में है, तो कृपया उनकी मदद के लिए कुछ करें।












Click it and Unblock the Notifications